निलंबित IAS विनय चौबे प्रकरण में एसीबी की जांच तेज, पत्नी स्वप्ना संचिता से दोबारा पूछताछ

NEWS SAGA DESK

झारखंड के निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में एसीबी की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। रविवार सुबह एसीबी के डीआईजी, एसपी सहित कई अधिकारी रांची के कांके रोड स्थित चौबे के आवास पहुंचे, जहां उनकी पत्नी स्वप्ना संचिता से दोबारा विस्तृत पूछताछ की गई। इससे पहले 3 दिसंबर को भी एसीबी टीम ने उनके घर जाकर बयान दर्ज किया था।

एसीबी ने 24 नवंबर को विनय चौबे के खिलाफ चौथी एफआईआर दर्ज की थी, जिसमें कुल सात लोगों को आरोपी बनाया गया है। आरोपियों में विनय चौबे, उनकी पत्नी स्वप्ना संचिता, उनके करीबी विनय सिंह और उनकी पत्नी संचिता सिंह, चौबे के साले शिपिज त्रिवेदी, उनकी पत्नी प्रियांका त्रिवेदी और चौबे के ससुर एस.एन. त्रिवेदी शामिल हैं।

एफआईआर में करोड़ों रुपये के कथित वित्तीय गड़बड़ियों, फर्जी लेन-देन और परिवार तथा परिचितों के जरिए अवैध संपत्ति जुटाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। वहीं विनय चौबे और विनय सिंह शराब घोटाले और भूमि घोटाले से जुड़े मामलों में पहले से ही न्यायिक हिरासत में हैं।

Read More News

Read More