News Saga Desk
गोवा के उत्तरी अरपोरा स्थित लोकप्रिय नाइटक्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ में शनिवार देर रात लगी भीषण आग ने भारी जनहानि को जन्म दिया है। इस हादसे में 25 लोगों की मौत हुई, जिसमें झारखंड के तीन युवा भी शामिल थे। घटना के बाद गोवा मेडिकल कॉलेज के शवगृह के बाहर परिजनों की व्याकुल भीड़ जमा रही। कई शव बुरी तरह जल चुके हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है। झारखंड और असम से पहुंचे मजदूर परिवारों ने बताया कि उनके परिजन क्लब में सहायक और रसोई कर्मचारी के तौर पर काम करते थे।
झारखंड के तीन युवाओं की मौत
लापुंग के फतेहपुर गांव के दो सगे भाई 24 वर्षीय प्रदीप महतो और 20 वर्षीय बिनोद महतो की आग में दम घुटने से मौत हो गई। वहीं खूंटी जिले के कर्रा ब्लॉक के गोविंदपुर गांव के 22 वर्षीय मोहित मुंडा भी इस हादसे का शिकार हो गए। उनका पार्थिव शरीर सोमवार को रांची एयरपोर्ट लाया गया, जिसका वीडियो भी सामने आया है। मृतक मोहित मुंडा के भाई ने बताया कि वह पहली बार रोजगार के लिए गोवा गया था और उसी क्लब में खाना बनाने का काम करता था।
क्लब के अंदर अफरातफरी, संकरी गलियों ने बढ़ाई मुश्किलें
जांच में पता चला है कि वीकेंड के कारण क्लब में उम्मीद से ज्यादा भीड़ थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के समय डांस फ्लोर पर 100 से अधिक लोग मौजूद थे। नीचे की रसोई में कर्मचारी और पर्यटक फंस गए, जबकि संकरे रास्तों के कारण वे बाहर नहीं निकल सके।
अग्निशमन दल भी संकरी गलियों के चलते क्लब तक सीधा नहीं पहुंच पाया और पानी के टैंकरों को करीब 400 मीटर दूर रोकना पड़ा, जिससे राहत कार्य प्रभावित हुआ।
हादसे ने नाइटक्लब की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
No Comment! Be the first one.