आजसू छात्र संघ ने राज्य में लंबित छात्रवृति भुगतान को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी

News Saga Desk

अखिल झारखंड छात्र संघ, आजसू पार्टी की छात्र इकाई, ने राज्य के छात्रों की लंबित छात्रवृति के भुगतान को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी की है। रांची स्थित आजसू केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने बताया कि छात्रों की छात्रवृति लगभग डेढ़ वर्षों से लंबित है।

ओम वर्मा ने कहा कि विगत चार महीनों से संघ लगातार आंदोलन कर रहा है और राज्यपाल, मुख्यमंत्री तथा संबंधित विभागीय मंत्री से भी छात्रवृति के भुगतान हेतु गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन अब तक राज्य सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

उन्होंने बताया कि संघ अलग-अलग जिला मुख्यालयों में शिक्षा का भिक्षा आंदोलन भी चला रहा है और उनके नेता विधानसभा में भी इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठा चुके हैं।

अंत में ओम वर्मा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द छात्रों को छात्रवृति का भुगतान नहीं किया गया, तो आजसू छात्र संघ राज्य के छात्रों के साथ व्यापक आंदोलन के लिए मजबूर होगा।

Read More News

Read More