साहिबगंज अवैध खनन मामला: बाबूलाल मरांडी ने सीबीआई जांच जारी रखने के फैसले का किया स्वागत, कहा भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक कदम

NEWS SAGA DESK

रांची। झारखंड में भाजपा अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने साहिबगंज अवैध पत्थर खनन मामले में उच्चतम न्यायालय द्वारा सीबीआई जांच जारी रखने के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने इसे राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक निर्णायक कदम बताया।

मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि साहिबगंज में 1,500 करोड़ रुपये से अधिक के अवैध पत्थर खनन की जांच को राज्य सरकार द्वारा रोकने के प्रयासों के बावजूद उच्चतम न्यायालय ने सीबीआई की कार्रवाई जारी रखने का स्पष्ट निर्देश दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अदालत ने राज्य सरकार की “अपराधियों को संरक्षण देने की प्रवृत्ति” पर कड़ी आपत्ति जताई।

उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने झारखंड उच्च न्यायालय के सीबीआई जांच के आदेश को सही माना और राज्य सरकार द्वारा दायर विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) को खारिज कर दिया। मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर आरोप लगाया कि उन्होंने पंकज मिश्रा, विष्णु यादव, राजेश यादव, बच्चू यादव, संजय यादव और सुभाष मंडल जैसे अपराधियों को बचाने की कोशिश की।

इसके अलावा, मरांडी ने कहा कि याचिकाकर्ता पर दबाव डालकर शिकायत वापस लेने की कोशिश की गई और आम लोगों को डराने का प्रयास किया गया, लेकिन “न्यायालय में यह धूर्तता काम नहीं आई।”

मरांडी ने उच्चतम न्यायालय के फैसले को हेमंत सरकार के लिए बड़ा झटका बताते हुए कहा कि यह निर्णय “भ्रष्टाचारी सरकार के ताबूत में आखिरी कील” साबित होगा और इससे लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का विश्वास मजबूत होगा।

Read More News

Read More