दो साल से अटकी रांची आउटर रिंग रोड योजना, डीपीआर तक ही सीमित रहा प्रोजेक्ट

News Saga Desk

राजधानी रांची के यातायात दबाव को कम करने के उद्देश्य से प्रस्तावित आउटर रिंग रोड परियोजना बीते करीब दो वर्षों से ठंडे बस्ते में पड़ी हुई है। अभी तक इस महत्वाकांक्षी योजना का केवल डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) ही तैयार किया जा रहा है, जबकि धरातल पर निर्माण कार्य की शुरुआत नहीं हो सकी है।

वर्ष 2023 में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री द्वारा इस परियोजना के निर्माण की घोषणा की गई थी। इसके बाद वर्ष 2024 में मंत्री ने आउटर रिंग रोड के लिए लगभग 6000 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने की घोषणा करते हुए डीपीआर जल्द तैयार करने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके अब तक योजना को अंतिम स्वीकृति नहीं मिल सकी है, जिससे परियोजना अधर में लटकी हुई है।

परियोजना का प्रस्ताव और एलाइनमेंट

राज्य सरकार की ओर से आउटर रिंग रोड का प्रस्ताव केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा गया था, जिसे रांची के बढ़ते यातायात दबाव के समाधान के रूप में अहम बताया गया। घोषणा के बाद परियोजना का एलाइनमेंट तय किया गया। इसके तहत एनएच-33 (रांची–रामगढ़ मार्ग) पर पुंदाग टोल प्लाजा के पास से सड़क निर्माण की शुरुआत प्रस्तावित है।

यह मार्ग आगे एनएच-75 (रांची–कुड़ू मार्ग) पर मांडर के उकरीद तक जाएगा। इसके बाद यह एनएच-23 (रांची–गुमला मार्ग) पर इटकी से जुड़ेगा। वहीं, एनएच-23 को एनएच-75 एक्सटेंशन (रांची–चाईबासा मार्ग) से जोड़ने के लिए इटकी से कालामाटी तक नई सड़क बनाने का भी प्रस्ताव है।

इसके आगे कालामाटी से एनएच-33 (रांची–टाटा मार्ग) को जोड़ते हुए यह मार्ग अनगड़ा होते हुए वापस पुंदाग टोल प्लाजा तक पहुंचेगा। इस तरह करीब 195 किलोमीटर लंबी आउटर रिंग रोड के निर्माण का प्रारंभिक खाका तैयार किया गया है।

डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया जारी

तय एलाइनमेंट के आधार पर परियोजना की डीपीआर चरणबद्ध तरीके से तैयार की जानी है। इसके लिए गुरुग्राम की एक कंपनी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि, डीपीआर और स्वीकृति प्रक्रिया में हो रही देरी के कारण रांची की यह बहुप्रतीक्षित आउटर रिंग रोड परियोजना अब भी फाइलों तक ही सीमित नजर आ रही है।

Read More News

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन पहुंचे उलिहातू, बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि, स्थानीय लोगों से की मुलाकात

खूंटी: भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू एक बार फिर ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनी, जब देश के...

सीवान में रामनवमी मेले के बीच हैवानियत: 12 साल की मासूम के साथ दरिंदगी, आरोपी स्कूल ड्राइवर गिरफ्तार

सीवान जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के सूर्यपुरा गांव में शुक्रवार शाम यानि कल करीब 7 बजे रामनवमी के...

Read More