झारखंड में शीतलहर का प्रकोप, 12 जिलों में ठंड का कहर, तापमान में और गिरावट के आसार

News Saga Desk

उत्तर भारत में जारी बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ का असर अब झारखंड में भी साफ नजर आने लगा है। राज्य में ठंड तेजी से बढ़ गई है और कनकनी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी रांची समेत 12 जिलों में शीतलहर का प्रभाव देखा जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 27 और 28 दिसंबर से न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार, ठंडी हवाओं के कारण सुबह के समय घना कोहरा और धुंध छायी हुई है, जबकि दिन में मौसम शुष्क बना हुआ है। सुबह और शाम के समय तेज ठंड से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। गुरुवार को राज्य के कई इलाकों में शीतलहर का असर साफ तौर पर महसूस किया गया।

इन जिलों में शीतलहर की चेतावनी

शुक्रवार को रांची सहित 12 जिलों में शीतलहर चलने की संभावना है। इनमें रांची, गढ़वा, पलामू, गुमला, लातेहार, लोहरदगा, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, चतरा और कोडरमा शामिल हैं। इन जिलों में सुबह के समय कोहरा और धुंध रहने की आशंका है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है।

तापमान में आई गिरावट

गुरुवार को रांची का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे की तुलना में 2.1 डिग्री अधिक रहा। हालांकि, ग्रामीण इलाकों में ठंड ज्यादा तेज महसूस की गई। कांके में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस और गुमला में 4.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इसके अलावा मेदिनीनगर में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री, जमशेदपुर में 10.4 डिग्री, बोकारो में 9.5 डिग्री और चाईबासा में 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की चेतावनी देते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

कुहासे से विमान सेवा प्रभावित

घने कुहासे का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। गुरुवार को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से पांच फ्लाइटों को रद्द करना पड़ा, जबकि आठ विमान अपने निर्धारित समय से कई घंटे देरी से पहुंचे। रांची-कोलकाता, रांची-दिल्ली, रांची-बेंगलुरु, रांची-मुंबई और रांची-कोलकाता की उड़ानें लो विजिबिलिटी के कारण रद्द की गईं।

एयरलाइंस अधिकारियों के अनुसार, खराब दृश्यता और एयर ट्रैफिक की वजह से विमानों के संचालन में परेशानी आई। वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 26 दिसंबर को रांची-मुंबई फ्लाइट रद्द कर दी, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों को अपनी यात्रा दोबारा री-शेड्यूल करनी पड़ी, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान भी हुआ।

मौसम विभाग ने फिलहाल दिन में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है, लेकिन सुबह और शाम के समय ठंडी हवा और कोहरे का असर जारी रहने की चेतावनी दी है। ऐसे में लोगों को ठंड से बचाव और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Read More News

SRI ग्रामीण औद्योगीकरण संस्थान का 42वाँ स्थापना दिवस संपन्न: स्वरोजगार और हुनर से बदली ग्रामीण झारखंड की तस्वीर

रांची : ग्रामीण विकास और स्वावलंबन के क्षेत्र में कार्यरत प्रतिष्ठित संस्था SRI ग्रामीण औद्योगीकरण...

चाईबासा में हाथियों का आतंक: महिला पुजारी को कुचलकर मार डाला, 3 महीनों में 25 लोगों की जा चुकी है जान

चाईबासा: झारखंड के चाईबासा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला...

Read More