नए साल पर सीएम आवास में जुटे वरिष्ठ अधिकारी, झारखंड को अग्रणी राज्य बनाने का लिया संकल्प

News Saga Desk

नववर्ष 2026 के अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित इस मुलाकात के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को नववर्ष की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सभी अधिकारियों का आत्मीय स्वागत करते हुए शुभेच्छाओं के लिए आभार प्रकट किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नववर्ष नए संकल्प, नई ऊर्जा और नए अवसरों का प्रतीक होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सकारात्मक सोच और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए वर्ष 2026 झारखंड की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन-प्रशासन और जनता के सामूहिक सहयोग से राज्य को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल करने की दिशा में यह वर्ष निर्णायक साबित हो सकता है।

मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों से सरकार की विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया और राज्य के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों को सुख, समृद्धि, उन्नति और खुशहाली की शुभकामनाएं भी दीं।

इस दौरान मुलाकात करने वाले प्रमुख प्रशासनिक अधिकारियों में राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अमरेंद्र प्रताप सिंह, जेएसएलपीएस के सीईओ अनन्य मित्तल, अपर सचिव उद्योग प्रीति रानी, अपर सचिव वित्त धनंजय सिंह, अपर सचिव स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता सीता पुष्पा, निदेशक सामाजिक सुरक्षा विजय कुमार सिंह, उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम कर्ण सत्यार्थी, उपायुक्त सरायकेला-खरसावां नीतीश कुमार सिंह, उपायुक्त कोडरमा ऋतुराज सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।

वहीं पुलिस विभाग की ओर से डीजी होमगार्ड एम.एस. भाटिया, डीआईजी दुमका अमर लकड़ा, एसपी लोहरदगा सादिक अनवर रिज़वी, एसपी सरायकेला-खरसावां मुकेश कुमार लुनायत, एसपी गोड्डा मुकेश कुमार, एसपी गुमला हारिश बिन जमां, एसपी खूंटी मनीष टोप्पो, एसपी ट्रेनिंग सेंटर मुसाबनी विजय आशीष कुजूर सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

यह मुलाकात केवल शिष्टाचार तक सीमित नहीं रही, बल्कि नए वर्ष में झारखंड के तेज और समावेशी विकास के लिए एकजुटता और दृढ़ संकल्प का संदेश भी देती नजर आई।

Read More News

Read More