News Saga Desk
रांची के उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने सोमवार को समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार के दौरान आम लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। जनता दरबार में सबसे अधिक मामले भूमि विवाद, भूमि उपयोग की अनुमति और प्रशासनिक शिकायतों से जुड़े सामने आए।
उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों का समाधान समयबद्ध, पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उपायुक्त ने यह भी कहा कि जनता दरबार प्रशासन और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है, जिससे समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पाता है।
इस दौरान राष्ट्रीय जतरा महोत्सव के आयोजकों के प्रतिनिधिमंडल ने भी उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने अनुरोध किया कि विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी 31 जनवरी से मोरहाबादी मैदान आवंटित किया जाए, ताकि महोत्सव का आयोजन सुचारू रूप से किया जा सके। प्रतिनिधियों ने बताया कि जतरा महोत्सव आदिवासी समाज की प्राचीन परंपराओं, लोककला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं प्रचार का महत्वपूर्ण मंच है, जिसमें झारखंड समेत देश के विभिन्न राज्यों से कलाकार अपनी पारंपरिक कला और सांस्कृतिक एकता का प्रदर्शन करते हैं।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने इस अनुरोध पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया और कहा कि जिला प्रशासन ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सहयोग करेगा। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपनी शिकायतें जिला प्रशासन के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 पर भी दर्ज करा सकते हैं, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

No Comment! Be the first one.