दावोस से झारखंड को बड़ी सौगात, टाटा स्टील के 11 हजार करोड़ निवेश पर बनी सहमति

News Saga Desk

विश्व आर्थिक मंच (WEF) की वार्षिक बैठक के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान टाटा स्टील ने झारखंड में ग्रीन स्टील परियोजनाओं के लिए 11 हजार करोड़ रुपये के निवेश की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

तीन प्रमुख ग्रीन स्टील परियोजनाओं में निवेश

टाटा स्टील ने पर्यावरण-अनुकूल अत्याधुनिक तकनीकों के माध्यम से झारखंड में तीन बड़ी ग्रीन स्टील परियोजनाएं स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है,

  • हिरसाना ईजी एंड मेल्ट तकनीक परियोजना: ₹7,000 करोड़
  • कॉम्बी मिल परियोजना: ₹1,500 करोड़
  • टिनप्लेट विस्तार परियोजना: ₹2,600 करोड़

इन परियोजनाओं में नीदरलैंड और जर्मनी की उन्नत ग्रीन स्टील तकनीकों का उपयोग किया जाएगा, जिससे प्रदूषण में कमी आएगी और उत्पादन प्रक्रिया अधिक टिकाऊ बनेगी।

मुख्यमंत्री का जोर: रोजगार और स्वच्छ तकनीक

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय युवाओं को रोजगार देने को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील के साथ यह साझेदारी झारखंड को देश के अग्रणी ग्रीन औद्योगिक राज्यों की श्रेणी में लाएगी और भारत के जलवायु लक्ष्यों को हासिल करने में सहायक होगी।

हिताची ने भी जताई निवेश में रुचि

बैठक के दौरान हिताची कंपनी ने झारखंड में बिजली, उच्च स्तरीय ग्रिडिंग और आधुनिक बुनियादी ढांचे के क्षेत्रों में निवेश को लेकर रुचि दिखाई और प्रस्ताव रखा।

WEF ने सीएम को दिया व्हाइट बैज सम्मान

विश्व आर्थिक मंच की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को व्हाइट बैज देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने WEF को सहयोग का औपचारिक पत्र भी सौंपा। यह सहयोग मुख्य रूप से तीन क्षेत्रों पर केंद्रित रहेगा,

  • क्रिटिकल मिनरल्स और नई ऊर्जा
  • जलवायु परिवर्तन से निपटना
  • जैव विविधता संरक्षण

शहरी परिवहन में निवेश को लेकर स्वीडन की पहल

पिछले वर्ष झारखंड सरकार की स्वीडन यात्रा के बाद अब स्वीडन सरकार ने राज्य की शहरी परिवहन व्यवस्था में निवेश को लेकर रुचि व्यक्त की है। इस विषय पर अप्रैल में भारत और स्वीडन के बीच राउंड टेबल बैठक प्रस्तावित है।

महिला नेतृत्व के सशक्तिकरण पर सहमति

मुख्यमंत्री ने वर्ल्ड वूमन पॉलिटिकल लीडर्स फोरम के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। झारखंड में हाशिये पर रहने वाले वर्गों की महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सहयोगात्मक ढांचा तैयार करने पर सहमति बनी। इसके साथ ही भारत चैप्टर की स्थापना और सभी दलों की महिला प्रतिनिधियों के लिए एक गैर-दलीय मंच बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया।

बैठक में शामिल प्रमुख हस्तियां

इस बैठक में टाटा स्टील के एमडी एवं सीईओ टीवी नरेंद्रन, स्वीडन इंडिया बिजनेस काउंसिल की सेसिलिया ओल्डने, वूमन पॉलिटिकल लीडर्स फोरम की अध्यक्ष सिलवाना कोच-मेहरिन, WEF के विराज मेहता, हिताची इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख भारत कौशल और टेक महिंद्रा के अध्यक्ष साहिल धवन सहित उद्योग जगत के कई वरिष्ठ प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Read More News

Read More