News Saga Desk
चाईबासा: रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित अंतर जिला अंडर-19 (एलीट ग्रुप) क्रिकेट प्रतियोगिता में पश्चिमी सिंहभूम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए धनबाद को 118 रनों से पराजित कर दिया। इस जीत के साथ पश्चिमी सिंहभूम ने लगातार चौथी सफलता हासिल की और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अब सेमीफाइनल मुकाबले में पश्चिमी सिंहभूम की टीम 22 जनवरी को जमशेदपुर से भिड़ेगी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पश्चिमी सिंहभूम ने बनाए 375 रन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पश्चिमी सिंहभूम की टीम ने 90 ओवर में सभी विकेट खोकर 375 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सचिन दूबे ने शानदार शतकीय पारी खेलते हुए 116 रन बनाए। कप्तान साकेत कुमार सिंह ने 82 रन, आमर्त्य चौधरी ने 53 रन और अंजनी कुमार यादव ने 46 रनों का उपयोगी योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए धनबाद 257 पर सिमटी
375 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी धनबाद की टीम 64.1 ओवर में 257 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। धनबाद की ओर से रुद्र नारायण ने 104 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जबकि सिद्धार्थ सिन्हा ने 49 रन बनाए। पश्चिमी सिंहभूम की गेंदबाजी में हृतिक सेठ ने 52 रन देकर तीन विकेट झटके। पीयूष त्यागी और सत्यम सिंह को दो-दो विकेट मिले।
सचिन दूबे बने मैन ऑफ द मैच
मैच समाप्ति के बाद शानदार शतकीय पारी के लिए पश्चिमी सिंहभूम के सचिन दूबे को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
No Comment! Be the first one.