झारखंड में पेट्रोल-डीजल और LPG की सप्लाई सामान्य, घबराने की जरूरत नहीं: इंडियन ऑयल

News Saga Desk

रांची। झारखंड में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस (LPG) की उपलब्धता को लेकर किसी भी तरह की चिंता की जरूरत नहीं है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों और Press Information Bureau (PIB) ने रांची में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी।

प्रेस वार्ता में Indian Oil Corporation के मंडल विक्रय प्रमुख एवं उप महाप्रबंधक प्रदीप पाल ने बताया कि राज्य में पेट्रोलियम उत्पादों की सप्लाई पूरी तरह सुचारु है और कहीं भी कोई बाधा नहीं है। उन्होंने कहा कि झारखंड में पेट्रोल और डीजल का करीब 12 दिनों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

रसोई गैस (LPG) को लेकर उन्होंने बताया कि वर्तमान में मांग के अनुसार लगभग 5 दिनों का बैकलॉग है, जिसे जल्द खत्म करने के लिए कंपनी लगातार काम कर रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे किसी भी तरह की घबराहट में न आएं, क्योंकि सप्लाई सामान्य बनी हुई है।

कंपनी ने स्पष्ट किया कि गैस की होम डिलीवरी व्यवस्था सुचारु रूप से जारी है और ग्राहकों को गैस एजेंसी के कार्यालय या गोदाम जाने की आवश्यकता नहीं है। शहरी उपभोक्ता 25 दिनों के अंतराल पर और ग्रामीण उपभोक्ता 45 दिनों के बाद गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं।

साथ ही, LPG सप्लाई या सेवा से जुड़ी किसी भी शिकायत के लिए कंपनियों द्वारा हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध कराए गए हैं। उपभोक्ता संबंधित कंपनी के मोबाइल ऐप के जरिए भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

Read More News

Read More