News Saga Desk
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के तहत आज राज्य की 294 में से 142 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह से ही विभिन्न जिलों के पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। इस चरण में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच माना जा रहा है।
बड़े चेहरे भी पहुंचे मतदान केंद्र
मतदान के दौरान कई प्रमुख हस्तियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा सुबह मतदान करने पहुंचीं। वहीं अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती ने बेलगाछिया स्थित सुवोखान कम्युनिटी हॉल में कतार में खड़े होकर वोट डाला।
मतदाताओं से खास अपील
चुनाव के दूसरे चरण में मतदाताओं से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने की अपील की गई है। खासकर महिलाओं और युवाओं से अधिक संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंचने का आग्रह किया गया है, ताकि लोकतंत्र को और मजबूत बनाया जा सके।
किन जिलों में कितनी सीटों पर वोटिंग
- उत्तर 24 परगना – 33 सीटें
- दक्षिण 24 परगना – 31 सीटें
- हुगली – 18 सीटें
- नदिया – 17 सीटें
- हावड़ा – 16 सीटें
- पूर्व बर्धमान – 16 सीटें
- कोलकाता – 11 सीटें
इन वीआईपी उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर
इस चरण में कई दिग्गज नेताओं की किस्मत ईवीएम में कैद हो रही है। इनमें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, अधीर रंजन चौधरी, फिरहाद हकीम, अर्जुन सिंह समेत कई अन्य प्रमुख चेहरे शामिल हैं।
पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान
पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर 93.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जो राज्य के इतिहास में अब तक का सबसे अधिक वोट प्रतिशत है। निर्वाचन आंकड़ों के अनुसार, 3.61 करोड़ मतदाताओं में से लगभग 3.36 करोड़ लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें करीब 1.65 करोड़ महिलाएं और 1.71 करोड़ पुरुष शामिल रहे। जिलों में सबसे अधिक मतदान कूच बिहार (96.2%) में हुआ, जबकि दक्षिण दिनाजपुर (95.44%) और मालदा (94.79%) भी शीर्ष पर रहे। वहीं, सबसे कम मतदान कलिम्पोंग (83.04%) और दार्जिलिंग (88.98%) में दर्ज किया गया।
दूसरे चरण की वोटिंग शांतिपूर्ण तरीके से जारी है और मतदाताओं का उत्साह साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। अब सभी की नजरें मतदान प्रतिशत और आगामी नतीजों पर टिकी हैं। सुरक्षा के मद्दे नजर बंगाल में भारी संख्या में जवान तैनात है। पिछले बार हुई घटना को देखते हुए इस बार सुरक्षाकर्मी चौकस नजर आरहे।
No Comment! Be the first one.