Kerala Election Result 2026: केरल में UDF की बड़ी बढ़त बरकरार, इडुक्की में सभी सीटों पर जीत

News Saga Desk

केरल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और शुरुआती रुझानों से लेकर अब तक यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने अपनी मजबूत बढ़त कायम रखी है। राज्य में कांग्रेस नीत UDF शानदार प्रदर्शन करती नजर आ रही है, जबकि सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) को बड़ा झटका लगा है।

चुनाव परिणामों के बीच CPI(M) के राज्य सचिव एम.वी. गोविंदन ने हार स्वीकार करते हुए कहा कि LDF चुनावी हार के कारणों की समीक्षा करेगा और जरूरी सुधारात्मक कदम उठाएगा। उन्होंने कहा, “LDF हार का अध्ययन करेगा और उसके बाद आवश्यक सुधार किए जाएंगे। हमें उम्मीद है कि जनता का समर्थन आगे भी मिलता रहेगा।”

वहीं, भारतीय जनता पार्टी भी इस चुनाव में अपनी मौजूदगी दर्ज कराती दिख रही है। पार्टी को विधानसभा में तीन सीटें मिलने की संभावना है। पूर्व केंद्रीय मंत्री वी. मुरलीधरन कझाक्कुट्टम सीट पर LDF उम्मीदवार कड़कंपल्ली सुरेंद्रन के खिलाफ अंतिम दौर की मतगणना तक मामूली बढ़त बनाए हुए हैं।

पहाड़ी जिला इडुक्की में UDF ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी पांच विधानसभा सीटों पर कब्जा कर लिया। इनमें से चार सीटों पर गठबंधन उम्मीदवारों ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की। उदुम्बनचोला सीट पर UDF उम्मीदवार सेनापति वेणु ने 20,021 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।

पीरुमेडे सीट पर UDF के सिरिएक थॉमस ने 27,634 वोटों से जीत दर्ज की। उन्हें 69,672 वोट मिले, जबकि LDF उम्मीदवार के. सलीमकुमार को 42,038 वोट प्राप्त हुए। इडुक्की विधानसभा सीट पर UDF उम्मीदवार रॉय के. पॉलोज ने LDF उम्मीदवार और मंत्री रोशी ऑगस्टीन को 23,822 वोटों से हराया। थोडुपुझा सीट पर UDF उम्मीदवार अपु जॉन जोसेफ ने रिकॉर्ड 44,291 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।

वहीं देविकुलम सीट पर UDF उम्मीदवार एफ. राजा ने मौजूदा विधायक ए. राजा को 5,233 वोटों से हराया। इस सीट पर भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे तीन बार के CPI(M) विधायक एस. राजेंद्रन को 15,032 वोट मिले। केरल के चुनावी नतीजों से साफ संकेत मिल रहे हैं कि इस बार राज्य की जनता ने सत्ता परिवर्तन के पक्ष में मतदान किया है। वहीं, UDF की बढ़त ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल पैदा कर दिया है।

Read More News

Read More