News Saga Desk
तमिलनाडु विधानसभा चुनावों की मतगणना के बीच राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। शुरुआती रुझानों में अभिनेता से नेता बने थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) शानदार प्रदर्शन करती नजर आ रही है।
करीब 49 वर्षों से तमिलनाडु की राजनीति में केवल दो द्रविड़ दलों द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) का दबदबा रहा है। लेकिन इस बार TVK ने चुनावी मुकाबले को पूरी तरह बदल दिया है।
ताजा रुझानों के मुताबिक, विजय की पार्टी करीब 109 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए 118 सीटों का बहुमत जरूरी है। ऐसे में अगर यही रुझान नतीजों में बदलते हैं, तो TVK अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में इतिहास रच सकती है।
वहीं, मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को भी बड़ा झटका लगता दिख रहा है। वह अपनी पारंपरिक सीट कोलाथुर से पीछे चल रहे हैं। कोलाथुर सीट 2011 से स्टालिन का मजबूत गढ़ रही है। 2021 के चुनाव में उन्होंने यहां 70 हजार से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की थी, लेकिन इस बार मुकाबला पूरी तरह बदलता नजर आ रहा है। रुझानों के अनुसार, 2021 में 133 सीटें जीतने वाली DMK इस बार 50 सीटों के आसपास सिमटती दिख रही है। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में मायूसी का माहौल है।
अगर ये रुझान अंतिम नतीजों में तब्दील होते हैं, तो तमिलनाडु की राजनीति में यह सबसे बड़ा बदलाव माना जाएगा, जहां एक फिल्म स्टार ने महज दो साल में राज्य की दशकों पुरानी राजनीतिक व्यवस्था को चुनौती दे दी है।
No Comment! Be the first one.