Assam Election Result 2026: असम में फिर लौट रही हिमंता सरकार, जोरहाट से गौरव गोगोई 23 हजार वोटों से पीछे

News Saga Desk

असम विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी गठबंधन को स्पष्ट बढ़त मिलती दिख रही है। राज्य में एक बार फिर हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में सरकार बनती नजर आ रही है।

ताजा रुझानों के अनुसार, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा अपनी पारंपरिक जालुकबारी सीट पर बड़ी बढ़त बनाए हुए हैं। वोटों की गिनती के 18 में से 12 राउंड पूरे होने तक वह कांग्रेस उम्मीदवार बिदिशा नियोग से 55,035 वोटों से आगे चल रहे हैं। खास बात यह है कि हिमंत ने मतगणना के शुरुआती दौर से ही लगातार बढ़त बनाए रखी है।

वहीं, कांग्रेस के लिए बड़ा झटका जोरहाट सीट से सामने आया है। कांग्रेस नेता गौरव गोगोई करीब 23 हजार वोटों से पीछे चल रहे हैं। इससे असम में कांग्रेस की वापसी की उम्मीदों को बड़ा धक्का लगा है। राज्यभर में भाजपा समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। पार्टी कार्यालयों में जश्न की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस खेमे में निराशा का माहौल है।

अगर ये रुझान अंतिम नतीजों में बदलते हैं, तो हिमंत बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विकास, कानून-व्यवस्था और संगठनात्मक मजबूती भाजपा की बढ़त की बड़ी वजह रही है। असम चुनाव के नतीजे पूर्वोत्तर की राजनीति के लिए भी अहम माने जा रहे हैं, क्योंकि इस चुनाव पर पूरे देश की नजर बनी हुई है।

Read More News

Read More