News Saga Desk
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना के बीच शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी बहुमत के आंकड़े की ओर बढ़ती नजर आ रही है। राज्य में भाजपा की बढ़त के साथ ही सत्ता परिवर्तन की चर्चाएं तेज हो गई हैं। चुनावी रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकारी अध्यक्ष फिलमोन टोप्पो ने बड़ा बयान दिया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पिछले 15 वर्षों में राज्य के विकास और जनता के कल्याण के लिए कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उनके नेतृत्व में बंगाल में सामाजिक योजनाओं, महिलाओं के सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में व्यापक काम हुआ है।
फिलमोन टोप्पो ने आरोप लगाया कि मौजूदा चुनावी रुझान भाजपा द्वारा राज्य में बनाए गए “विशेष राजनीतिक माहौल” और “रची गई परिस्थितियों” का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जिस तरह का माहौल तैयार किया गया, उसका असर मतदान और नतीजों पर देखने को मिल रहा है।
उन्होंने दावा किया कि TMC जनता के बीच लगातार मजबूत रही है और अंतिम परिणाम आने तक पार्टी पूरी मजबूती से चुनावी प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए है। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने और अंतिम नतीजों का इंतजार करने की अपील की।
वहीं दूसरी ओर भाजपा खेमे में रुझानों को लेकर उत्साह का माहौल है। अगर शुरुआती रुझान नतीजों में बदलते हैं, तो पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
No Comment! Be the first one.