भारत निर्वाचन आयोग ने किया बड़ा ऐलान झारखंड सहित 15 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में चलेगा SIR फेज-3

News Saga Desk

भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची को अपडेट और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) फेज-3 शुरू करने का ऐलान किया है। इस चरण में देश के 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। चुनाव आयोग के अनुसार यह प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी।

आयोग ने बताया कि इस अभियान में करीब 3.94 लाख बूथ लेवल ऑफिसर घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस दौरान 36.73 करोड़ से अधिक मतदाताओं को कवर किया जाएगा। राजनीतिक दलों की ओर से नियुक्त 3.42 लाख बूथ लेवल एजेंट भी इस प्रक्रिया में सहयोग करेंगे।

किन राज्यों में चलेगा अभियान?

SIR फेज-3 के तहत ओडिशा, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, झारखंड, हरियाणा, पंजाब, कर्नाटक, तेलंगाना, उत्तराखंड, दिल्ली, त्रिपुरा, नागालैंड, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, सिक्किम समेत 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में यह अभियान चलाया जाएगा।

घर-घर जाकर होगा सत्यापन

चुनाव आयोग के मुताबिक BLO घर-घर जाकर मतदाताओं का विवरण सत्यापित करेंगे। इसके साथ ही मतदान केंद्रों का रेशनलाइजेशन और ड्राफ्ट वोटर लिस्ट का प्रकाशन भी किया जाएगा। इसके बाद दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का मौका मिलेगा।

राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील

निर्वाचन आयोग ने सभी राजनीतिक दलों से हर बूथ पर BLA नियुक्त करने की अपील की है, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी हो सके। आयोग का कहना है कि SIR एक सहभागी प्रक्रिया है, जिसमें मतदाता, राजनीतिक दल और चुनाव अधिकारी सभी की भूमिका अहम है।

पहले दो चरणों में 59 करोड़ मतदाता कवर

आयोग ने बताया कि SIR के पहले दो चरणों में 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 59 करोड़ मतदाताओं को कवर किया जा चुका है। इस दौरान 6.3 लाख से अधिक BLO और 9.2 लाख BLA शामिल रहे।

हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बाद में होगा कार्यक्रम

चुनाव आयोग ने कहा कि हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में जनगणना के दूसरे चरण की समाप्ति और ऊपरी इलाकों/बर्फबारी वाले क्षेत्रों में मौसम की स्थिति पर विचार करने के बाद, इनके लिए SIR कार्यक्रम की घोषणा बाद में की जाएगी।

Read More News

Read More