News Saga Desk
झारखंड सरकार ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत राज्य के विभिन्न जिलों को 8 हजार करोड़ रुपये आवंटित कर दिए हैं। यह राशि चालू वित्तीय वर्ष के आगामी छह माह के लिए जारी की गई है। विभाग की ओर से जारी आवंटन आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार ही लाभुकों के बैंक खातों में राशि हस्तांतरित की जाएगी। जिलों को फंड जारी होने के बाद अब योजना की राशि लाभुक महिलाओं के खातों में जल्द पहुंचने की संभावना बढ़ गई है। माना जा रहा है कि अप्रैल और मई माह की राशि एक साथ ट्रांसफर की जा सकती है।
लाभुकों के खाते में आएंगे 5000 रुपये
यदि दोनों महीनों की राशि एक साथ भेजी जाती है, तो प्रत्येक लाभुक महिला के खाते में कुल 5000 रुपये जमा होंगे। सूत्रों के अनुसार, 15 मई के बाद विभिन्न जिलों में राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
कई जिलों में चल रहा सत्यापन
इधर, योजना के लाभुकों का सत्यापन भी कई जिलों और प्रखंडों में जारी है। पंचायत भवनों में सुबह से ही महिलाओं और युवतियों की भीड़ देखी जा रही है। अपने नाम का फॉर्म प्राप्त करने और दस्तावेज जमा करने के लिए लाभुक लगातार पंचायत कार्यालय पहुंच रही हैं। राज्य सरकार की इस योजना से बड़ी संख्या में महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद है, जिससे उनके दैनिक जीवन और पारिवारिक जरूरतों को सहारा मिलेगा।
No Comment! Be the first one.