रांची में 4.7 टन प्रतिबंधित गौवंशीय हड्डियां बरामद, संगठित तस्करी गिरोह का पर्दाफाश

News Saga Desk

Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में प्रतिबंधित गौवंशीय अवशेषों की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार तड़के कार्रवाई करते हुए करीब 4.7 टन प्रतिबंधित गौवंशीय हड्डियों से लदे एक ट्रक को जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने चार सदस्यीय संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 12 मई की देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि कांटाटोली की ओर से एक एलपीटी ट्रक (JH02AG3490) भारी मात्रा में प्रतिबंधित गौवंशीय हड्डियां लेकर चान्हो की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही नामकुम थाना पुलिस हरकत में आई और अवर निरीक्षक मिथुन कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान शुरू किया गया।

पुलिस को देखकर भागा ट्रक चालक

रात करीब 11:25 बजे पुलिस टीम ने सिदरौल इलाके में संदिग्ध ट्रक को देखा। पुलिस वाहन को देखते ही ट्रक चालक ने तेजी से वाहन भगाने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस और ट्रक के बीच कुछ किलोमीटर तक हाई-स्पीड पीछा चला। आखिरकार पुलिस ने रामपुर चौक के पास ट्रक को घेरकर रोक लिया।

ट्रक से बरामद हुई 4710 किलो प्रतिबंधित हड्डियां

तलाशी के दौरान ट्रक से करीब 4710 किलोग्राम प्रतिबंधित गौवंशीय हड्डियां बरामद की गईं। ट्रक चालक की पहचान चतरा निवासी मुन्ना अंसारी के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से इस नेटवर्क के लिए काम कर रहा था और पहले भी कई बार ऐसी खेप पहुंचा चुका है।

‘सेटिंग’ कराने पहुंचे गिरोह के सदस्य

पुलिस कार्रवाई के दौरान एक सफेद रंग की कोरोलिया कार (JH05N9441) मौके पर पहुंची। कार से उतरे चार लोगों ने जब्त माल पर अपना दावा जताया और पुलिस से कथित तौर पर ‘सेटिंग’ करने की कोशिश की।

पुलिस की सख्ती और अतिरिक्त गश्ती दल को आता देख आरोपी भागने लगे। हालांकि पुलिस ने पीछा कर तीन आरोपियों अल्ताब खान, सफाक कुरैशी और मोहम्मद नौशाद को गिरफ्तार कर लिया। वहीं गिरोह का एक अन्य सदस्य तनवीर आलम उर्फ बाबू मौके से फरार हो गया।

पुलिस कर रही नेटवर्क की जांच

पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि यह गिरोह लंबे समय से रांची और आसपास के इलाकों में सक्रिय था। फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है।

Read More News

आलमगीर आलम को बेल मिलने पर कांग्रेस में जश्न पर BJP का हमला “भ्रष्टाचार का उत्सव मना रही पार्टी”

रांची में भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने आलमगीर आलम को बेल मिलने पर कांग्रेस के जश्न को लेकर तीखा...

Read More