‘खलनायक रिटर्न्स’ से अलग हुए राजकुमार संतोषी, नए निर्देशक की तलाश तेज

NEWS SAGA DESK

साल 1993 की सुपरहिट फिल्म ‘खलनायक’ के सीक्वल ‘खलनायक रिटर्न्स’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। हाल ही में फिल्म की घोषणा की गई थी और खबर थी कि संजय दत्त एक बार फिर अपने चर्चित किरदार बल्लू बलराम के रूप में नजर आएंगे। हालांकि अब फिल्म से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। निर्देशक राजकुमार संतोषी ने इस फिल्म का निर्देशन करने से इनकार कर दिया है।

बताया जा रहा है कि राजकुमार संतोषी इन दिनों सनी देओल के साथ फिल्म ‘लाहौर 1947’ में व्यस्त हैं। इसके अलावा वह कुछ नई स्क्रिप्ट्स पर भी काम कर रहे हैं, जिन्हें वह सनी देओल और आमिर खान को सुनाना चाहते हैं। व्यस्त कार्यक्रम के चलते उन्होंने ‘खलनायक रिटर्न्स’ से दूरी बना ली है।

हालांकि संतोषी ने फिल्म के टीजर और संजय दत्त के लुक की जमकर तारीफ की है। उनका कहना है कि संजय दत्त की स्क्रीन मौजूदगी काफी प्रभावशाली लगी।

राजकुमार संतोषी के अलग होने के बाद अब संजय दत्त फिल्म के लिए नए निर्देशक की तलाश में जुट गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘खलनायक रिटर्न्स’ में बल्लू बलराम का किरदार पहले से ज्यादा गंभीर और दमदार अंदाज में दिखाया जाएगा।

दिलचस्प बात यह है कि मूल फिल्म ‘खलनायक’ के निर्देशक सुभाष घई भी इस सीक्वल का निर्देशन नहीं करेंगे। ऐसे में अब दर्शकों को इस बहुप्रतीक्षित फिल्म के नए निर्देशक के ऐलान का इंतजार है।

Read More News

Read More