हैदराबाद में 11 जून को कोयला गैसीकरण परियोजनाओं पर रोड शो आयोजित करेगा कोयला मंत्रालय

NEWS SAGA DESK

नई दिल्ली :- कोयला मंत्रालय 11 जून को हैदराबाद में कोयला एवं लिग्नाइट गैसीकरण परियोजनाओं पर अपना अगला रोड शो आयोजित करेगा। यह आयोजन नई दिल्ली में आयोजित सफल रोड शो के बाद किया जा रहा है, जिससे इस क्षेत्र में निवेश और परियोजनाओं को गति देने की दिशा में सकारात्मक माहौल बना है।

इस रोड शो में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

कोयला मंत्रालय के अनुसार यह रोड शो नीतिगत सहयोग, तकनीकी नवाचार, निवेश के अवसरों और परियोजना क्रियान्वयन की रणनीतियों पर चर्चा के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। इस कार्यक्रम में नीति निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, प्रौद्योगिकी प्रदाता और निवेशक एक साथ मिलकर देशभर में कोयला एवं लिग्नाइट गैसीकरण परियोजनाओं के विकास को तेज करने के उपायों पर विचार-विमर्श करेंगे।

मंत्रालय का मानना है कि इस आयोजन से विभिन्न हितधारकों के बीच सहयोग और मजबूत होगा, रणनीतिक साझेदारियों को बढ़ावा मिलेगा तथा भारत में कोयला गैसीकरण के लिए एक सशक्त पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने में सहायता मिलेगी।

इन पहलों के माध्यम से कोयला मंत्रालय नवाचार को प्रोत्साहित करने, उद्योगों की भागीदारी बढ़ाने और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही संसाधनों के सतत उपयोग और औद्योगिक विकास के जरिए आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में कोयला मंत्रालय के सचिव विक्रम देव दत्त, अपर सचिव सनोज कुमार झा, मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, केंद्र और राज्य सरकारों के प्रतिनिधि, कोयला एवं लिग्नाइट कंपनियों के प्रतिनिधि, प्रौद्योगिकी प्रदाता, उद्योग संघों के प्रतिनिधि, निवेशक तथा अन्य प्रमुख हितधारक भी भाग लेंगे।

Read More News

Read More