NEWS SAGA DESK
रांची :- राजधानी रांची में अपराधियों ने एक कार का शीशा तोड़कर उसमें रखे गहने और नकदी चोरी कर ली। यह घटना शहर के व्यस्त मेन रोड स्थित भारत बेकरी के पास हुई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर निवासी रोहित गुप्ता अपनी शादी की सालगिरह के अवसर पर परिवार के साथ रांची आए थे। शुक्रवार देर रात वह मेन रोड स्थित भारत बेकरी से केक खरीदने पहुंचे। उन्होंने अपनी कार को लॉक कर बाहर खड़ा किया और केक लेने के लिए दुकान के अंदर चले गए।
रोहित गुप्ता ने बताया कि जब वह केक लेकर वापस लौटे तो कार के दाहिनी ओर पीछे का शीशा टूटा हुआ मिला। कार की सीट पर रखा उनकी पत्नी का हैंडबैग भी गायब था। यह देखकर वह हैरान रह गए और आसपास के लोगों से जानकारी लेने का प्रयास किया।
पीड़ित के अनुसार, चोरी हुए हैंडबैग में उनकी पत्नी के सोने के कुछ गहने और करीब पांच हजार रुपये नकद थे। गहनों में सोने के झुमके सहित अन्य कीमती सामान शामिल था। उन्होंने बताया कि घटना के बाद उन्होंने बेकरी संचालक से मदद मांगी, लेकिन देर रात होने के कारण दुकान बंद कर दी गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हालांकि तत्काल अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद रोहित गुप्ता ने लोअर बाजार थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना सुनियोजित प्रतीत होती है। आशंका है कि अपराधी वाहन पर नजर रखे हुए थे और मौका मिलते ही शीशा तोड़कर बैग लेकर फरार हो गए।
मामले की जांच कर रहे सिटी डीएसपी के. वी. रमण ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
No Comment! Be the first one.