चुनार में खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग का जागरूकता शिविर, युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं की दी जानकारी

NEWS SAGA DESK

मीरजापुर :- जिला खादी एवं ग्रामोद्योग कार्यालय की ओर से शनिवार को तहसील परिसर चुनार में विपणन विकास सहायता (एससीएसपी) योजना के तहत एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। शिविर में विभाग की विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया गया।

जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी अमितेश सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना तथा मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के माध्यम से युवाओं और कारीगरों को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि खादी विभाग उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देने के लिए प्रदर्शनियां, क्रेता-विक्रेता सम्मेलन और अन्य कार्यक्रम आयोजित करता है। साथ ही माटीकला टूल्स किट वितरण योजना समेत विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी गई।

जिला अग्रणी प्रबंधक आनंद झा ने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड व्यक्तिगत उद्यम स्थापना के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराकर स्वरोजगार को बढ़ावा दे रहा है। वहीं वरिष्ठ सहायक पवन कुमार ने विभागीय योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए युवाओं को आवेदन करने के लिए प्रेरित किया।

शिविर में महिलाओं और युवाओं को बताया गया कि अनुवा स्थित खादी प्रशिक्षण केंद्र में सिलाई, कढ़ाई, ब्यूटीशियन सहित विभिन्न ट्रेडों में निःशुल्क प्रशिक्षण और स्टाइपेंड की सुविधा उपलब्ध है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद लाभार्थी विभागीय सहायता और बैंक ऋण के माध्यम से अपना स्वरोजगार शुरू कर सकते हैं।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान अनुराग सिंह, धरमू प्रसाद, बाबूलाल प्रजापति और महेश मौर्य सहित बड़ी संख्या में महिलाओं एवं युवाओं ने भाग लिया।

Read More News

शिरडी में साईं बाबा के दर्शन कर बोले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, आध्यात्मिक स्थलों से मिलती है प्रेरणा

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन महाराष्ट्र प्रवास के दौरान शिरडी पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार...

Read More