NEWS SAGA DESK
झारखंड को सड़क परियोजनाओं के मामले में बड़ा झटका लगा है। केंद्र ने करीब 10 हजार करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं को मंजूरी देने से इनकार कर दिया है। इनमें हाटगम्हरिया-नोवामुंडी-बराइबुरु सड़क, हजारीबाग-बगोदर सड़क और चाईबासा-हाटगम्हरिया एनएच पर आरओबी नंबर-6 जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
झारखंड में सड़क निर्माण को लेकर राज्य सरकार को बड़ा झटका लगा है। केंद्र के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने राज्य की करीब 10 हजार करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं को मंजूरी देने से इनकार कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, इन परियोजनाओं को रोके जाने के पीछे सबसे बड़ी वजह जमीन अधिग्रहण में देरी बताई गई है। इसके अलावा निर्माण कार्य में सुस्ती और जरूरी तकनीकी मंजूरियां समय पर नहीं मिलने को भी केंद्र ने गंभीरता से लिया है।
जिन प्रमुख परियोजनाओं पर रोक लगी है, उनमें हाटगम्हरिया-नोवामुंडी-बराइबुरु सड़क और हजारीबाग-बगोदर सड़क समेत कई महत्वपूर्ण सड़क योजनाएं शामिल हैं। इतना ही नहीं, चाईबासा-हाटगम्हरिया एनएच पर प्रस्तावित आरओबी नंबर-6 को भी मंजूरी नहीं मिल सकी।
मामला सिर्फ परियोजनाओं के खारिज होने तक सीमित नहीं है। विभिन्न सड़क योजनाओं में लापरवाही, भुगतान में देरी और तय प्रक्रियाओं का पालन नहीं करने के आरोप में केंद्र ने झारखंड सरकार के पथ निर्माण विभाग पर करीब 100 करोड़ रुपये का दंड भी लगाया है।
यानी एक तरफ हजारों करोड़ की सड़क परियोजनाओं पर ब्रेक लगा है, तो दूसरी तरफ विभाग पर करोड़ों का जुर्माना।
No Comment! Be the first one.