UP News: प्रयागराज में धान की रोपाई के लिए जा रही मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत और करीब 20 लोग घायल हुए।
UP News: प्रयागराज में शुक्रवार सुबह धान की रोपाई के लिए जा रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि करीब 20 मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। हादसा प्रयागराज-रीवा हाईवे (NH-30) पर सुरवल साहनी के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अचानक सामने आई बाइक को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक ने नियंत्रण खो दिया। ट्रैक्टर डिवाइडर से टकराया और ट्रॉली समेत सड़क पर पलट गया। ट्रॉली पलटते ही कई मजदूर उसके नीचे दब गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दबे हुए मजदूरों को बाहर निकाला गया। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
धान की रोपाई के लिए निकले थे 42 मजदूर
पुलिस के मुताबिक, बारा क्षेत्र के सोनरा गांव से करीब 42 मजदूर शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के सुरवल गांव में धान की रोपाई के लिए जा रहे थे। दोनों गांवों के बीच करीब पांच किलोमीटर की दूरी है। सभी मजदूर ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर खेतों में काम करने के लिए निकले थे।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर मवैया के प्रधान का है। सुरवल साहनी के पास पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचते ही सामने से अचानक एक बाइक आ गई। बाइक को बचाने के लिए चालक ने ट्रैक्टर को तेजी से मोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर डिवाइडर से जा टकराया।
डिवाइडर से टकराकर पलटी ट्रॉली
ट्रैक्टर के डिवाइडर से टकराते ही पीछे लगी ट्रॉली सड़क पर पलट गई। ट्रॉली में बड़ी संख्या में मजदूर सवार थे, जिसके कारण कई लोग उसके नीचे दब गए। UP News के इस हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए आगे आए। लोगों ने किसी तरह ट्रॉली के नीचे फंसे मजदूरों को बाहर निकाला। इस दौरान पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में सहयोग किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
इलाज के दौरान दो महिलाओं की मौत
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नारीबारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान शंकरगढ़ के हर्रो गांव निवासी कमला देवी (50), पत्नी राममूरत और बारा के सोनरा गांव निवासी करीना (17), पुत्री भारत लाल की मौत हो गई।
हादसे में करीब 20 मजदूर घायल हुए हैं। इनमें कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि गंभीर रूप से घायल मजदूरों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर किया गया है।
इसे भी देखें…JPSC-JSSC Exam Scam में बड़ा खुलासा! Remote Access से Solver देता था Exam? #jpsc #jssc
नारीबारी पीएचसी में करीब 10 घायलों का इलाज चल रहा है। वहीं कृष्णा नर्सिंग होम में भी आठ से 10 घायलों को भर्ती किए जाने की जानकारी है। कुछ घायलों को स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल भी ले जाया गया है। नारीबारी चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि करीब 20 घायलों का इलाज कराया जा रहा है। दोनों मृत महिलाओं के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। मजदूरों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसे के समय ट्रैक्टर की गति कितनी थी और बाइक अचानक किस तरह सामने आई।
No Comment! Be the first one.