पुलिस एसोसिएशन से भिड़े जयराम महतो, बोले- ना झुकूंगा, ना रुकूंगा

झारखंड पुलिस एसोसिएशन और विधायक जयराम महतो के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। इस बीच जयराम महतो ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उनकी लड़ाई किसी पुलिसकर्मी या अधिकारी से व्यक्तिगत नहीं

NEWS SAGA DESK

झारखंड पुलिस एसोसिएशन और विधायक जयराम महतो के बीच चल रहा विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच जयराम महतो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक नया पोस्ट कर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने साफ कहा कि उनका विरोध किसी पुलिसकर्मी या अधिकारी से व्यक्तिगत नहीं है, बल्कि वह उस व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, जिसमें आम लोगों के साथ-साथ छोटे स्तर के पुलिसकर्मियों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है।

झारखंड पुलिस एसोसिएशन और विधायक जयराम महतो के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। इस बीच जयराम महतो ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उनकी लड़ाई किसी पुलिसकर्मी या अधिकारी से व्यक्तिगत नहीं

पुलिसकर्मियों के मुद्दे उठाने का किया दावा

जयराम महतो ने अपने पोस्ट में कहा कि उन्होंने विधानसभा में पुलिसकर्मियों से जुड़े कई मुद्दे उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा में ड्यूटी पर लगाए गए पुलिसकर्मियों को समय पर खाना नहीं मिल रहा था। इस मुद्दे को उन्होंने सदन में उठाया, जिसके बाद भोजन की व्यवस्था समय पर होने लगी। विधायक ने यह भी कहा कि उस समय पुलिस एसोसिएशन की ओर से किसी ने इस मुद्दे पर उनका धन्यवाद तक नहीं किया। उनके मुताबिक, उनका उद्देश्य हमेशा उन लोगों की आवाज उठाना रहा है, जिन्हें अपनी बात सामने रखने में परेशानी होती है।

थानेदार विवाद पर भी दी सफाई

बरवाअड्डा थाना प्रभारी से जुड़े विवाद पर जयराम महतो ने कहा कि उन्होंने एक गरीब व्यक्ति के साथ कथित तौर पर हो रही परेशानी को लेकर बात की थी। उनका कहना है कि उन्होंने सिर्फ इतना कहा था कि किसी व्यक्ति को बिना वजह परेशान नहीं किया जाना चाहिए। जयराम महतो ने अपने बयान में कुछ नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रभावशाली लोगों या कोयला कारोबार से जुड़े लोगों को थाने से छुड़ाने के आरोप लगते हैं, तब पुलिस एसोसिएशन की ओर से आवाज क्यों नहीं उठाई जाती।

छात्र आंदोलन को लेकर सरकार पर निशाना

विधायक ने अपने पोस्ट में झारखंड के छात्र आंदोलन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी छात्रों के अधिकार और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों को लगातार उठा रही है और वह खुद भी इस लड़ाई में छात्रों के साथ खड़े हैं। जयराम महतो ने आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उनका दावा है कि उन्हें विवाद में उलझाकर सरकार और नियुक्ति से जुड़े लोगों पर लगे आरोपों से जनता का ध्यान हटाने की कोशिश हो रही है।

‘संघर्ष जारी रहेगा’

अपने बयान के अंत में जयराम महतो ने कहा कि वह दबाव में पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जनता और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने अपने समर्थकों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वह न झुकेंगे, न रुकेंगे और न ही टूटेंगे। पुलिस एसोसिएशन के साथ चल रहे विवाद के बीच उनका यह नया बयान अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

Read More News

Read More