योगी सरकार ने बाढ़ प्रभावित 26 जिलों में राहत अभियान तेज किया। 17,544 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, 72,897 राहत किट बांटी गईं।
News Saga Desk
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति के बीच योगी सरकार का राहत एवं बचाव तंत्र पूरी तरह सक्रिय है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रभावित इलाकों में युद्धस्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। बाढ़ राहत आयुक्त कार्यालय के मुताबिक प्रदेश के 26 जिलों में बाढ़ का असर पड़ा है और करीब 3.53 लाख आबादी प्रभावित हुई है। राहत और बचाव एजेंसियों की सक्रियता के चलते अब तक किसी व्यक्ति या पशु की मृत्यु की सूचना नहीं मिली है। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ भोजन, राहत सामग्री और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
17,544 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाना है। अब तक 17 हजार 544 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। वहीं करीब पांच हजार लोग फिलहाल बाढ़ शरणालयों में रह रहे हैं। प्रदेश में प्रभावित लोगों के लिए कुल 1,312 बाढ़ शरणालय स्थापित किए गए हैं, जहां जरूरत के अनुसार भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
योगी सरकार की ओर से राहत अभियान में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक मशीनरी को लगातार अलर्ट पर रखा गया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अधिकारियों और राहत टीमों की निगरानी भी बढ़ाई गई है।
1,634 बाढ़ चौकियां और 1,697 नाव-मोटरबोट सक्रिय
राहत एवं बचाव अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश में 1,634 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं। इसके अलावा 1,697 नाव और मोटरबोट राहत कार्य में लगाई गई हैं। प्रभावित इलाकों में 1,068 मेडिकल टीमें भी सक्रिय हैं। इन टीमों के जरिए बीमार लोगों और जरूरतमंदों तक चिकित्सा सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

बाढ़ के दौरान संचार और आवागमन प्रभावित होने की स्थिति में नाव और मोटरबोट के जरिए लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। वहीं बाढ़ चौकियों से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इसे भी देखे- Ranchi Student Protest: बैरिकेड तोड़ विधानसभा पहुंचे छात्र, Water Cannon-Tear Gas के बीच
72,897 राहत खाद्यान्न पैकेट और 3.67 लाख लंच पैकेट बांटे
बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए भोजन और आवश्यक सामग्री की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक 72 हजार 897 बाढ़ राहत खाद्यान्न पैकेट वितरित किए जा चुके हैं। इसके अलावा 3 लाख 67 हजार 551 लंच पैकेट भी जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाए गए हैं।
राहत शिविरों और प्रभावित गांवों में रहने वाले परिवारों को तत्काल जरूरत की वस्तुएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन की टीमें लगातार काम कर रही हैं। इससे बाढ़ के कारण रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होने वाले परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।
No Comment! Be the first one.