मंगलवार की भारी गिरावट के बाद बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में तेजी लौटी। सेंसेक्स 300 अंक से अधिक चढ़ा और निफ्टी 23,200 के पार पहुंच गया।
नई दिल्ली। मंगलवार को भारी गिरावट के बाद बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 300 से अधिक अंक चढ़कर 74,388 के स्तर के पार पहुंच गया, जबकि निफ्टी भी 23,200 के ऊपर कारोबार करता नजर आया। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की 15 और 16 सितंबर को होने वाली मौद्रिक नीति बैठक के नतीजों से पहले घरेलू बाजार में खरीदारी का रुख देखने को मिला।

वैश्विक बाजारों में कच्चे तेल की ऊंची कीमत और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में मजबूती के बावजूद भारतीय बाजार में निवेशकों की धारणा में सुधार हुआ। हालांकि, बाजार विशेषज्ञों ने इस तेजी को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है और इसे तत्काल तेजी के नए दौर की शुरुआत मानने से बचने की बात कही है।
सेंसेक्स और निफ्टी में कितनी तेजी
बुधवार को शुरुआती कारोबार में दोनों प्रमुख सूचकांक बढ़त के साथ खुले। सेंसेक्स 74,249.31 अंक पर खुला और करीब सुबह 9:30 बजे 74,388.37 अंक पर कारोबार कर रहा था। यह पिछले स्तर के मुकाबले 384.55 अंक यानी करीब 0.52 प्रतिशत की बढ़त थी।
इसी तरह निफ्टी 23,201.60 अंक पर खुला और सुबह करीब 9:30 बजे 23,244.30 अंक पर कारोबार करता दिखा। इसमें 125.70 अंक यानी करीब 0.54 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गयी।
मंगलवार को बाजार में हुई तेज बिकवाली के बाद बुधवार की शुरुआती तेजी से निवेशकों को कुछ राहत मिली। हालांकि, आगे बाजार किस दिशा में जाता है, इस पर वैश्विक संकेतों और विदेशी निवेशकों की गतिविधियों का असर महत्वपूर्ण रहेगा।
इन शेयरों में रही खरीदारी
बुधवार के शुरुआती कारोबार में कई प्रमुख कंपनियों के शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी में नेस्ले, आईटीसी, भारतीय स्टेट बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एशियन पेंट्स, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, पावर ग्रिड, कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी लाइफ, ट्रेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और हिंडाल्को जैसे शेयर बढ़त में रहे।
दूसरी ओर विप्रो, एनटीपीसी और ओएनजीसी के शेयरों में दबाव देखने को मिला। बीएसई पर आईटीसी, एलएंडटी, टेक महिंद्रा और आईसीआईसीआई बैंक में तेजी रही, जबकि एचडीएफसी बैंक, इंडिगो और टाटा स्टील कमजोर नजर आये। भुगतान से जुड़े शेयरों में भी बुधवार को हलचल देखने को मिली। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के नए व्यापारी छूट दर ढांचे से जुड़ी खबरों के बीच पेटीएम के शेयर में 2.08 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गयी और यह 1,767.05 रुपये तक पहुंच गया। इसी तरह मोबिक्विक के शेयर में करीब 0.97 प्रतिशत की बढ़त देखी गयी और यह 203.90 रुपये के आसपास कारोबार करता नजर आया। सेक्टोरल स्तर पर ज्यादातर क्षेत्रों में खरीदारी रही, लेकिन निफ्टी रियल्टी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और हेल्थकेयर सूचकांकों पर दबाव बना रहा।
23,000 का स्तर निफ्टी के लिए अहम
बाजार विश्लेषक विपिन दिक्सेना के अनुसार, बुधवार की शुरुआती तेजी से बाजार को राहत मिली है, लेकिन इसे अभी ट्रेंड रिवर्सल के तौर पर नहीं देखा जा सकता। उनके मुताबिक मंगलवार को व्यापक स्तर पर बिकवाली हुई थी और वैश्विक परिस्थितियां अब भी बाजार के लिए चुनौतीपूर्ण बनी हुई हैं।
निफ्टी के लिए 23,000 का स्तर महत्वपूर्ण सपोर्ट माना जा रहा है। यदि निफ्टी 23,200 के ऊपर मजबूती बनाए रखता है और 23,300 से 23,400 के स्तर को पार करता है, तो आगे खरीदारी बढ़ सकती है। वहीं 23,000 के स्तर से नीचे फिसलने पर बाजार में दोबारा दबाव देखने को मिल सकता है।
No Comment! Be the first one.