IIT बॉम्बे छात्र मौत मामला: CCTV में प्रोफेसर से बहस का खुलासा, मोबाइल जांच जारी

NEWS SAGA DESK

IIT बॉम्बे के बीटेक छात्र साहिल वाकोडे की मौत मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच जारी है। CCTV फुटेज में परीक्षा हॉल में प्रोफेसर से बहस की बात सामने आई है।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बॉम्बे के बीटेक छात्र साहिल वाकोडे की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत के मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, कई नए और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ रहे हैं। पुलिस की शुरुआती पड़ताल, परीक्षा हॉल के CCTV फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर इस पूरे मामले में एक नया मोड़ आ गया है।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान

परीक्षा हॉल में प्रोफेसर से बहस और CCTV फुटेज मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के अनुसार, घटना वाले दिन यानी 18 सितंबर को परीक्षा के दौरान साहिल और परीक्षा पर्यवेक्षक (इन्विजिलेटर) प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। पुलिस द्वारा कब्जे में लिए गए CCTV फुटेज के विश्लेषण से पता चला है कि दोपहर करीब 12:30 से 12:45 बजे के बीच साहिल परीक्षा हॉल में कुछ झुका हुआ दिखाई दे रहा था और अपनी जेब में रखी किसी वस्तु को देखने की कोशिश कर रहा था।

इसी दौरान प्रोफेसर डूला की नजर उस पर पड़ी और उन्होंने साहिल से सवाल-जवाब शुरू कर दिए। फुटेज में दिखता है कि प्रोफेसर बाद में साहिल को अन्य परीक्षार्थियों से अलग एक तरफ ले गए, जहां दोनों के बीच बहस होती नजर आ रही है। हालांकि, दोपहर एक बजे परीक्षा समाप्त होने से पहले ही साहिल हॉल से बाहर निकल गया और करीब 1:25 बजे अपने हॉस्टल के कमरे में पहुंचा, जहां बाद में वह फंदे से लटका हुआ पाया गया।

ChatGPT के इस्तेमाल और मोबाइल की फॉरेंसिक जांच जांच एजेंसियां इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही हैं कि क्या साहिल ने परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग कर ‘ChatGPT’ जैसे एआई टूल के जरिए सवालों के जवाब खोजने या प्रश्नपत्र की फोटो अपलोड करने की कोशिश की थी। हालांकि, पुलिस का स्पष्ट कहना है कि केवल CCTV फुटेज से अभी इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है।

मामले की तह तक पहुंचने के लिए साहिल के मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच प्रयोगशाला (FSL) भेजा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि मोबाइल के कॉल डिटेल, चैट हिस्ट्री, इंटरनेट सर्च डेटा और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद यह साफ हो सकेगा कि घटना से ठीक पहले फोन पर क्या गतिविधियां हुई थीं।

सहपाठियों के बयान और चश्मदीदों से पूछताछ क्राइम ब्रांच की टीम परीक्षा हॉल में उस समय मौजूद अन्य छात्रों और कर्मचारियों के बयान भी दर्ज कर रही है। विशेष रूप से 12:30 से 12:45 बजे के बीच साहिल और प्रोफेसर के बीच क्या बातचीत हुई थी और विवाद की मुख्य वजह क्या थी, इसे समझने के लिए सहपाठियों से पूछताछ की जा रही है।

परिवार के आरोप और संस्थान का पक्ष साहिल की मौत के बाद उसके परिजनों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए आईआईटी बॉम्बे प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का दावा है कि साहिल को संस्थान में कथित उत्पीड़न और जातिगत भेदभाव का सामना करना पड़ रहा था। साहिल के चाचा ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पूरे मामले को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपने की मांग की है।

दूसरी ओर, इन आरोपों के बीच आईआईटी बॉम्बे फैकल्टी फोरम के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार पंत ने कहा है कि साहिल ने हाल के दिनों में संस्थान के एससी/एसटी (SC/ST) सेल में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि परिवार द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को जांच के दायरे में रखा गया है।

Read More News

Read More