सुधीर सिन्हा
गिरिडीह। निशा भगत की मौत के मामले में न्याय की मांग एवं झारखंड में लगातार बढ़ते जमीन माफियाओं के आतंक के विरोध में भारतीय जनता पार्टी गिरिडीह महानगर जिला के तत्वावधान में आज महानगर क्षेत्र के सभी 16 मंडलों में निर्धारित स्थानों पर एक साथ विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सभी मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों, मंडल प्रवासियों एवं पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और राज्य सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।

इस अवसर पर भाजपा गिरिडीह महानगर जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने कहा कि निशा भगत आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी मौत ने झारखंड की व्यवस्था और शासन-प्रशासन के समक्ष कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरना और सनातन की आवाज को बुलंद करने वाली एक सशक्त महिला को आखिर किन परिस्थितियों में इतना बड़ा कदम उठाने को विवश होना पड़ा, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि झारखंड में जमीन माफियाओं का बढ़ता आतंक, गरीबों एवं आदिवासियों की जमीन पर अवैध कब्जे तथा ऐसे तत्वों को मिल रहे कथित राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण के आरोप अत्यंत चिंताजनक हैं। राज्य की जनता अपनी जमीन, अपनी संपत्ति और अपने अधिकारों की सुरक्षा चाहती है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों ने आम लोगों के मन में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा किया है।
श्री राय ने कहा कि भाजपा इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है। निशा भगत को न्याय दिलाना केवल एक परिवार का विषय नहीं, बल्कि झारखंड की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय से जुड़ा सवाल है। हमारी मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच हो, दोषियों और उन्हें संरक्षण देने वालों की भूमिका की जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। भाजपा जनता की आवाज बनकर सड़क से लेकर सदन तक इस लड़ाई को जारी रखेगी।
इस व्यापक विरोध कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश यादव, विनय सिंह, चुन्नू कांत, प्रकाश सेठ, प्रदेश मंत्री शालिनी वैसिख्यार एवं दिलीप वर्मा, युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री संजीव कुमार, जिला मंत्री सुरेश मंडल, जिला उपाध्यक्ष नवीन सिन्हा एवं देवराज भारतीय, जिला कोषाध्यक्ष मुकेश जालान, नगर अध्यक्ष सिंकू सेना, साहिल शर्मा, पूर्णनगर अध्यक्ष हरविंदर सिंह बग्गा, उषा देवी, पचंबा मंडल अध्यक्ष कुंदन सिंह, खिरोधर दास, जिला उपाध्यक्ष मनोज सिंह, लेदा मंडल अध्यक्ष मनोज पांडेय, मनोहर यादव, सौरभ मिश्रा सहित भाजपा के विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मंडल प्रवासी एवं पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी अपने-अपने संबंधित मंडलों में उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त गिरिडीह महानगर जिला के सभी 16 मंडलों के अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भाजपा गिरिडीह महानगर जिला की स्पष्ट मांग है कि निशा भगत को न्याय मिले, मामले की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों को कठोर सजा मिले तथा झारखंड को जमीन माफियाओं के आतंक से मुक्त कराया जाए।
No Comment! Be the first one.