गिरिडीह के महुवाटांड़ में भाकपा माले की बैठक हुई। 21-22 नवंबर को सरिया में अखिल भारतीय खेत ग्रामीण मजदूर सभा का राष्ट्रीय सम्मेलन होगा, जिसमें देश भर के 1000 नेता जुटेंगे।
लोक आस्था के महापर्व छठ के बीच भी झारखंड के गिरिडीह जिले में राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियाँ पूरी तेजी के साथ जारी हैं। इसी क्रम में भाकपा माले की गिरिडीह और गांडेय विधानसभा क्षेत्रों की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक प्रखंड कार्यालय महुवाटांड़ में आयोजित की गई। इस बैठक की अगुवाई पार्टी के पोलित ब्यूरो सदस्य जनार्दन प्रसाद, जिला सचिव अशोक पासवान और किसान नेता पूरन महतो ने संयुक्त रूप से की। बैठक में मुख्य रूप से आगामी 21 और 22 नवंबर को सरिया (हजारीबाग रोड) में होने वाले अखिल भारतीय खेत ग्रामीण मजदूर सभा के राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों, संगठन विस्तार और मजदूरों-किसानों के ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सरिया में जुटेंगे देश भर के 1000 मजदूर-किसान नेता बैठक को संबोधित करते हुए पोलित ब्यूरो सदस्य जनार्दन प्रसाद ने कहा कि आगामी 21-22 नवंबर को सरिया में आयोजित होने वाला राष्ट्रीय सम्मेलन ऐतिहासिक होगा। इस सम्मेलन में देश भर से करीब 1000 मजदूर और किसान नेता एक मंच पर एकत्रित होकर मजदूरों के अधिकारों और फैक्ट्री कर्मियों के हितों पर गहन चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन केवल एक बैठक नहीं है, बल्कि देश भर के शोषित, पीड़ित मजदूर-किसानों की आवाज को बुलंद करने का एक राष्ट्रीय मंच साबित होगा। इस कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड दीपांकर भट्टाचार्य भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे, जिनके आगमन से कार्यकर्ताओं में भारी जोश और उत्साह है।
गिरिडीह में तेजी से बढ़ रहा है माले का दायरा: अशोक पासवान जिला सचिव अशोक पासवान और किसान नेता पूरन महतो ने कहा कि गिरिडीह जिले में माले का संगठन तेजी से मजबूत हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय सम्मेलन में गिरिडीह और गांडेय विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में मजदूरों की भागीदारी होगी। अशोक पासवान ने कहा कि गिरिडीह के मजदूर, किसान और दबे-कुचले लोगों के अधिकारों की लड़ाई सिर्फ और सिर्फ माले लड़ रही है, जो सड़क से लेकर सदन तक मुखर है। किसान नेता पूरन महतो ने खेती की बढ़ती लागत और फसलों का उचित मूल्य न मिलने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरिया का यह सम्मेलन किसानों और मजदूरों को एक नई दिशा देगा।
12 घंटे काम और संडे की छुट्टी रद्द करने के फैसले पर व्यापक रोष बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला गया। नेताओं ने कहा कि मजदूरों के 8 घंटे काम के अधिकार को बदलकर 12 घंटे किए जाने और संडे की छुट्टी को समाप्त किए जाने के प्रयासों से मजदूरों में व्यापक रोष व्याप्त है। यह फैसला मजदूरों के जीवन, स्वास्थ्य और उनके परिवारों पर सीधा हमला है। इसके अलावा, मनरेगा जैसी रोजगार गारंटी योजना को कमजोर करने और ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी व पलायन बढ़ने के मुद्दों को भी सम्मेलन में प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया। साथ ही, देश-विदेश में कमाने जाने वाले प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा और उनके अधिकारों की पुख्ता गारंटी की आवाज भी इस मंच से उठाई जाएगी।
गांव-गांव चलाई जा रही है जन-जागरूकता मुहिम छठ जैसे पवित्र त्योहार के बावजूद माले कार्यकर्ता गांव-गांव और पंचायत-पंचायत में जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए पीरटांड़, गांडेय, बेंगाबाद और विभिन्न प्रखंडों से टोसियों का गठन किया गया है ताकि अधिक से अधिक मजदूरों, किसानों, महिलाओं और युवाओं को सरिया ले जाया जा सके।
इस बैठक में राजेश सिन्हा, कन्हाई पांडेय, शंकर पांडेय, अजीत राय, रामलाल मुर्मू, सलामत अंसारी, मसूदन कोल, नवीन पाण्डेय और किशोर राय सहित दर्जनों नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी ने एक स्वर में सरिया के राष्ट्रीय सम्मेलन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का संकल्प लिया।
No Comment! Be the first one.