News Saga Desk
दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि इसकी लपटें दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल तक फैल गईं। घटना का वीडियो न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया है, जिसमें बिल्डिंग से उठती आग की ऊंची लपटें दिखाई दे रही हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, सुबह करीब 3:48 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
दमकल विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में दो लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेजा गया।
आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 12 गाड़ियों को लगाया गया। इस दौरान दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
No Comment! Be the first one.