खूंटी में सोमा मुंडा की स्मृति में विशाल श्रद्धांजलि सभा, 17 जनवरी को झारखंड बंद का ऐलान

News Saga Desk

खूंटी सदर प्रखंड के हुटार अंतर्गत जियारप्पा गांव में एदेल संगा पड़हा राजा स्वर्गीय सोमा मुंडा की याद में भव्य श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में दूर-दराज के इलाकों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। इसके साथ ही समाज के वरिष्ठ प्रतिनिधि, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कई राजनीतिक दलों के नेता भी मौजूद रहे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह लगभग 11 बजे की गई।

कार्यक्रम के दौरान पत्थलगढ़ी के तहत स्थापित स्मारक पर पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद स्वर्गीय सोमा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

सभा को संबोधित करते हुए पड़हा समाज से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के राजा और प्रमुख आदिवासी नेताओं ने स्व. सोमा मुंडा के जीवन और संघर्षों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं में महादेव मुंडा, कमल सांगा, प्रेम सांगा, मंगल सिंह मुंडा, सनिका भेंगरा सहित अन्य नेताओं ने कहा कि सोमा मुंडा साहसी और जनसंघर्षों के प्रतीक थे। उन्होंने आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा, शिक्षा और रोजगार के विस्तार तथा जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के लिए लगातार आवाज बुलंद की।

इस मौके पर झारखंड पार्टी के जिला महासचिव योगेश वर्मा, अबुआ झारखंड पार्टी के अध्यक्ष रिदन होरो, पौलूस नाग, मार्शल बारला समेत कई राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

श्रद्धांजलि सभा के माध्यम से आदिवासी समन्वय समिति ने स्व. सोमा मुंडा की हत्या में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को दोहराते हुए प्रशासन पर दबाव बनाया। समिति के नेताओं ने बताया कि इस संबंध में पहले ही प्रशासन को 72 घंटे का समय दिया गया था, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 16 जनवरी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो 17 जनवरी को पूरे झारखंड में बंद का ऐलान किया जाएगा। साथ ही आम जनता से इस आंदोलन को समर्थन देने की अपील भी की गई।

Read More News

त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए रांची रेल मंडल की बड़ी तैयारी, चलेंगी कई पूजा स्पेशल ट्रेनें

त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रांची रेल मंडल ने कई पूजा स्पेशल ट्रेनों के...

Read More