धनबाद में सबसे अधिक 86 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड

News Saga Desk

रांची। झारखंड के धनबाद जिले के पुटकी में पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक 86 मिली मीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान राजधानी रांची के भी कुछ भागों में भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। यह जानकारी मौसम विभाग ने गुरुवार को दी। विभाग के अनुसार 16 सितंबर तक राज्य के विभिन्न जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा। इस दौरान कड़ी धूप और भारी उमस महसूस की गई। रांची में अधिकतम उमस 9२ प्रतिशत दर्ज की गई। हालांकि बाद में बादल छा गए और दिनभर धूप और बादल की आंख मिचौली जारी रही। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 35.9 डिग्री, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री, जमशेदपुर में 35 डिग्री, डाल्टनगंज में 34.6 डिग्री, बोकारो में 33.5 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।


Read More News

Read More