NEWS SAGA DESK
धनबाद : गोविंदपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े चेन छिनतई की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। हजारीबाग की रहने वाली एक महिला के गले से अज्ञात युवक सोने की चेन झपटकर फरार हो गया। हालांकि, जिस युवक पर आरोप लगाया जा रहा है, उसके पुलिस हिरासत में होने की भी चर्चा है। ऐसे में पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार हजारीबाग जिले के बड़कागांव निवासी नेहा परवीन अपने परिजनों के साथ गोविंदपुर स्थित एक चिकित्सक से परामर्श लेने आई थीं। रास्ते की सही जानकारी नहीं होने के कारण वे स्वागत पेट्रोल पंप के समीप रुकी हुई थीं। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया।
पीड़िता ने बताया कि आरोपित युवक के बाल लंबे थे और उसने टी-शर्ट पहन रखी थी। घटना इतनी तेजी से हुई कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद उन्होंने गोविंदपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपित की गिरफ्तारी की मांग की।
दूसरी ओर, आरोपित पक्ष की ओर से भी अलग दावा किया गया है। आरोपित के पिता रईसुद्दीन ने कहा कि उनके बेटे को इस मामले में जानबूझकर फंसाया जा रहा है। दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बाद मामला और उलझ गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह चेन छिनतई की वास्तविक घटना है या इसके पीछे कोई पुराना विवाद अथवा अन्य कारण है।
No Comment! Be the first one.