NEWS SAGA DESK
जामताड़ा : जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर माइनिंग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।
इसी क्रम में जामताड़ा थाना क्षेत्र के ग्वालपीपला गांव के पास अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान पकड़े जाने के डर से बालू माफिया ने बीच सड़क पर ही ट्रैक्टर से बालू गिरा दिया और मौके से फरार हो गया।
हालांकि प्रशासनिक टीम ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर को टोचन कर जामताड़ा थाना पहुंचा दिया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जब बालू माफियाओं ने ट्रैक्टर का डाला पलट दिया था। उस दौरान माइनिंग इंस्पेक्टर और पुलिस की गश्ती गाड़ी ट्रैक्टर के पीछे चल रही थी और टीम बाल-बाल बची थी।
माइनिंग विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
No Comment! Be the first one.