क्लस्टरिंग सिस्टम के विरोध में आजसू छात्र संघ का प्रदर्शन, रांची में सरकार का फूंका पुतला

News Saga Desk

राजधानी रांची में बुधवार को AJSU के छात्र संगठन ने राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में लागू किए जा रहे क्लस्टरिंग सिस्टम के विरोध में छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रांची विश्वविद्यालयों के मुख्य द्वार से अल्बर्ट एक्का चौक तक मार्च निकाला और सरकार का पुतला दहन किया।

प्रदर्शन के दौरान छात्र कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और क्लस्टरिंग सिस्टम को छात्र हितों के खिलाफ बताया। आजसू छात्र संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र रांची विश्वविद्यालय परिसर में जुटे, जहां से विरोध मार्च शुरू हुआ। मार्च विभिन्न मार्गों से होते हुए फिरायालाल चौक पहुंचा।

छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि क्लस्टरिंग सिस्टम लागू होने से छात्रों को पढ़ाई, परीक्षा और कॉलेज संचालन से जुड़ी कई समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। उनका कहना था कि सरकार छात्रों और शिक्षकों से राय लिए बिना शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव कर रही है, जिसका सबसे ज्यादा असर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों पर पड़ेगा।

प्रदर्शन के दौरान आजसू छात्र संघ के नेताओं ने कहा कि यह व्यवस्था छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने सरकार से क्लस्टरिंग सिस्टम को तत्काल वापस लेने की मांग की। विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार का पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया। संगठन के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस फैसले को वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई छात्रों के भविष्य और बेहतर शिक्षा व्यवस्था की रक्षा के लिए जारी रहेगी।

Read More News

हेमंत सोरेन ने नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन का किया शुभारंभ, बोले- झारखंड की पहचान सिर्फ माइंस नहीं, माइंड्स से भी होगी

हेमंत सोरेन नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन की शुरुआत नई दिल्ली में हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने...

Read More