NEWS SAGA DESK
रांची में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। रांची नगर निगम ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया, जिसमें नुक्कड़ नाटक, शपथ ग्रहण और पौधरोपण कार्यक्रम शामिल रहे।
नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर पर्यावरण प्रदूषण, पेड़ों की अंधाधुंध कटाई और उसके दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से लोगों के सामने रखा। नाटक में बताया गया कि घटते वन क्षेत्र, बढ़ता प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं।
विश्व पर्यावरण दिवस पर रांची नगर निगम द्वारा आयोजित जागरूकता अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक और पौधरोपण कार्यक्रम।
कलाकारों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का आह्वान किया।
लोगों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
इस अवसर पर आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने पेड़-पौधों की रक्षा करने, स्वच्छता बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
मेयर और अधिकारियों ने किया पौधरोपण
कार्यक्रम के तहत रांची की मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार सिंह और नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर रांची में पौधरोपण करती मेयर रोशनी खलखो।
मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है।
नगर निगम ने सामूहिक भागीदारी पर दिया जोर
डिप्टी मेयर नीरज कुमार सिंह ने कहा कि यदि आज पर्यावरण संरक्षण के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने बताया कि नगर निगम पौधरोपण, स्वच्छता अभियान और जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एक सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें सभी की भागीदारी आवश्यक है।
No Comment! Be the first one.