Bareilly ANTF ने 1.30 करोड़ रुपये का 498.35 किलोग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड प्रीकर्सर कैमिकल बरामद कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया।
News Saga Desk
बरेली। Bareilly ANTF ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की बरेली यूनिट ने आरोपितों के कब्जे से 498.35 किलोग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड प्रीकर्सर कैमिकल बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.30 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान दो वाहन, पांच मोबाइल फोन और 1,080 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
थाना शाही क्षेत्र में हुई कार्रवाई
Bareilly ANTF की यह कार्रवाई 18 जुलाई को जिले के थाना शाही क्षेत्र के ग्राम जुनहाई बिजलीघर के सामने चलाए गए अभियान के दौरान की गई। पुलिस ने चारों आरोपितों को मौके से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इस प्रकार हुई है—
- जोगेश उर्फ पिंकू (चक मुस्तफापुर, अमरोहा)
- वासिद (नदाईल, बदायूं)
- तेजपाल सिंह (हटऊआ, अमरोहा)
- अरुण कुमार (जोया, अमरोहा)
बरामदगी के आधार पर थाना शाही में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हरियाणा के मेवात से लाया गया था कैमिकल
पूछताछ में मुख्य आरोपित जोगेश उर्फ पिंकू ने खुलासा किया कि चारों आरोपी हरियाणा के मेवात क्षेत्र से एसिटिक एनहाइड्राइड लेकर आए थे।

उसने बताया कि वह और वासिद कार से मेवात पहुंचे थे, जबकि अरुण कुमार और तेजपाल सिंह पिकअप वाहन लेकर गए थे। वहां एक व्यक्ति से प्रीकर्सर कैमिकल लेकर उसे पिकअप में लोड किया गया।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, इस खेप को बदायूं के एक व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था, जहां से इसे आगे पश्चिम बंगाल की एक पार्टी को सप्लाई किया जाना था। इस अवैध कारोबार से होने वाले मुनाफे को चारों आरोपी आपस में बांटते थे।
हेरोइन बनाने में इस्तेमाल होता है यह कैमिकल
Bareilly ANTF के प्रभारी उपनिरीक्षक विकास यादव ने बताया कि बरामद एसिटिक एनहाइड्राइड एक प्रीकर्सर कैमिकल है, जिसका इस्तेमाल हेरोइन जैसे अवैध मादक पदार्थों के निर्माण में किया जाता है।
उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में इस कैमिकल की बरामदगी नशा तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चेन पर बड़ी चोट है।
इसे भी देखे- मोराबादी सब्जी बाजार हटने के बाद विक्रेताओं का दर्द | “पहले बसाइए, फिर हटाइए” | Ranchi News
एएनटीएफ की टीम अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
जांच एजेंसियों के अनुसार, सप्लायर, खरीदार और अन्य सहयोगियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
No Comment! Be the first one.