रांची में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफरा-तफरी, पंपों पर लंबी कतारें, कई पंप हुए ड्राई

News Saga Desk

रांची । झारखंड की राजधानी रांची में पेट्रोल-डीजल को लेकर शुक्रवार को अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। पेट्रोल पंप संचालकों और केंद्र सरकार की ओर से ईंधन का पर्याप्त भंडार होने का दावा किए जाने के बावजूद शहर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

शुक्रवार सुबह करीब छह बजे से ही लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे। बाइक, स्कूटी और कारों की लंबी लाइनें लग गईं। कई लोग गैलन और बोतलों में भी पेट्रोल भरवाते नजर आए। अचानक बढ़ी मांग के कारण कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म होने की स्थिति उत्पन्न हो गई, जबकि कुछ पंप पूरी तरह ड्राई होकर बंद भी हो गए।

कोकर, लालपुर और डीपीएस के पास स्थित पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखी गई। कडरू पेट्रोल पंप, करमटोली पेट्रोल पंप और बरियातू समेत शहर के लगभग सभी प्रमुख पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। कडरू ब्रिज के निकट स्थित पेट्रोल पंप पर सुबह से ही वाहन चालकों की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं करमटोली-जेल रोड स्थित आमने-सामने के दो पेट्रोल पंपों में से एक नया पंप ईंधन खत्म होने के कारण बंद हो गया। बरियातू स्थित पेट्रोल पंप भी ड्राई होने के कारण बंद पड़ा रहा।

स्थिति को देखते हुए रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने लोगों से संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग घबराएं नहीं और केवल जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल भरवाएं। अनावश्यक स्टॉकिंग से अन्य उपभोक्ताओं को परेशानी हो सकती है और इससे पंपों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ रहा है।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिले में ईंधन की आपूर्ति सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की भी अपील की।

इधर, झारखंड पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के प्रवक्ता प्रमोद कुमार ने कहा कि तेल की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है, लेकिन अचानक मांग बढ़ जाने के कारण कई पंपों पर ड्राई की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने बताया कि जिन पंपों पर सामान्य स्थिति में तीन दिनों का स्टॉक रहता था, वह एक ही दिन में समाप्त हो जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि पेट्रोलियम कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। रांची में पेट्रोल की कीमत 97.86 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 100.86 रुपये हो गई है, जबकि डीजल की कीमत 92.62 रुपये से बढ़कर 95.76 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। नई दरें शुक्रवार सुबह छह बजे से लागू हो गई हैं।

बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के कारण सप्लाई प्रभावित हुई है, जिसके चलते ईंधन कीमतों में इजाफा किया गया है।

Read More News

ईंधन बचाने की अपील के बीच पैदल निकले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सरकारी आवास से सचिवालय तक किया 4KM सफर

Bihar | पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार हो...

Read More