NEET पेपर लीक और छात्र आत्महत्या के मामलों को लेकर CJP आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेगी। अभिजीत दिपके ने पीड़ित परिवारों को 1 करोड़ रुपये मुआवजा और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की है।
News Saga Desk
नई दिल्ली: NEET पेपर लीक और उससे जुड़े छात्र आत्महत्या के मामलों को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करेगी। पार्टी ने प्रदर्शन में शामिल होने वाले समर्थकों से थाली और चम्मच लेकर पहुंचने की अपील की है। CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके भी इस प्रदर्शन में शामिल होंगे।
प्रदर्शन स्थल पर NEET पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के पोस्टर लगाए गए हैं। पार्टी का कहना है कि यह प्रदर्शन छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए आयोजित किया जा रहा है।
अभिजीत दिपके ने कहा कि देश का मौजूदा माहौल युवाओं के जीवन और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहा है। उनका आरोप है कि पुनर्परीक्षा कराए जाने के बावजूद छात्रों की आत्महत्याएं नहीं रुकी हैं और सरकार को इस समस्या के मूल कारणों पर ध्यान देना चाहिए।
दिपके ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर आत्महत्या करने वाले NEET अभ्यर्थियों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई है।
अपने पत्र में उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो छात्रों और अभिभावकों में निराशा और बढ़ सकती है। गौरतलब है कि इससे पहले 6 जून को भी CJP ने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया था। पार्टी पुणे, लखनऊ, अमृतसर, हैदराबाद, बेंगलुरु, जयपुर और नागपुर समेत देश के कई शहरों में भी इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर चुकी है।
No Comment! Be the first one.