धनबाद स्वतंत्रता दिवस 2026: रणधीर वर्मा स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह

NEWS SAGA DESK

15 अगस्त की तैयारियां तेज, शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में मुख्य समारोह, 9 से 13 अगस्त तक परेड रिहर्सल, सभी सरकारी भवनों में होगा ध्वजारोहण।

Dhanbad Independence Day 2026

Dhanbad Independence Day 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष 15 अगस्त का मुख्य समारोह शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।

13 अगस्त तक पूरी होंगी सभी तैयारियां

बैठक में उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़ी सभी तैयारियां 13 अगस्त तक हर हाल में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम की साफ-सफाई, मैदान के समतलीकरण, मंच निर्माण, साज-सज्जा और सुरक्षा व्यवस्था को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा समारोह स्थल पर अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस और चिकित्सकों की टीम की भी तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

सभी सरकारी भवनों में होगा ध्वजारोहण

Dhanbad Independence Day 2026 के अवसर पर जिले के सभी सरकारी भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सरकारी विद्यालयों में ध्वजारोहण किया जाएगा। उपायुक्त ने सभी विभागों को स्वतंत्रता दिवस से पहले कार्यालय परिसरों की साफ-सफाई, रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने यह भी कहा कि जिला और प्रखंड स्तर पर स्थापित सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई कर उन्हें व्यवस्थित किया जाए।

15 अगस्त को उपायुक्त आदित्य रंजन सुबह 7:30 बजे बंदोबस्त कार्यालय, 8:00 बजे आवासीय कार्यालय, 9:00 बजे मुख्य समारोह स्थल शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम तथा 10:00 बजे समाहरणालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

इसके अलावा उप विकास आयुक्त, अनुमंडल दंडाधिकारी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर तथा वरीय पुलिस अधीक्षक भी निर्धारित समय पर विभिन्न सरकारी संस्थानों में ध्वजारोहण करेंगे।

इस बार बेलगड़िया स्थित जेआरडीए प्रशासनिक भवन में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि इस कार्यक्रम में बेलगड़िया कॉलोनी के निवासियों को भी आमंत्रित किया जाए, ताकि वे भी स्वतंत्रता दिवस समारोह का हिस्सा बन सकें।

9 से 13 अगस्त तक होगा परेड पूर्वाभ्यास

मुख्य समारोह में डीएपी, एनसीसी, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, जेएपी, होमगार्ड, भारतीय स्काउट एंड गाइड तथा ग्रामीण पुलिस के प्लाटून परेड में हिस्सा लेंगे।

9 अगस्त से 13 अगस्त तक शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में परेड का पूर्वाभ्यास किया जाएगा। वहीं 13 अगस्त को उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक संयुक्त रूप से परेड रिहर्सल और समारोह की तैयारियों का निरीक्षण करेंगे।

इसे भी देखें:-500 दिए हैं, 4500 और दो…” महिला पुलिसकर्मी का वीडियो वायरल, जांच की मांग #bihar

मुख्य समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान के साथ-साथ विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

इसके अलावा 14 और 15 अगस्त की शाम श्रमिक चौक, स्टील गेट, रणधीर वर्मा चौक, अंबेडकर चौक, समाहरणालय, मिश्रित भवन, अनुमंडल कार्यालय और अन्य प्रमुख सरकारी भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा।

14 अगस्त की शाम न्यू टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। वहीं 15 अगस्त को पूरे जिले में ड्राई डे घोषित रहेगा।

Read More News

Read More