NEWS SAGA DESK
रांची :- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा आसानी से उपलब्ध कराने के लिए पंचायत स्तर पर विशेष कैंप आयोजित करने का निर्देश दिया है। परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे लोगों को लाइसेंस बनवाने के लिए दूर-दराज स्थित कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
ग्रामीण परिवहन व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जिलावार मैपिंग और रूट चार्ट तैयार करने का निर्देश देते हुए कहा कि सड़क नेटवर्क को मजबूत किया जाए, ताकि ग्रामीण इलाकों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अधिक सुलभ और प्रभावी बन सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और विकास की गति भी तेज होगी।
योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने गुड सेमेरिटन योजना और हिट एंड रन मुआवजा योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि जरूरतमंद समय पर इसका लाभ उठा सकें।
उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब आम लोगों को उनके बारे में पूरी जानकारी होगी।
‘गुरुजी आपातकालीन सेवा-1944’ जल्द होगी शुरू
बैठक के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि ‘गुरुजी आपातकालीन सेवा-1944’ शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने योजना को शीघ्र लागू करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सेवा आपात परिस्थितियों में लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने परिवहन विभाग को सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और उनकी पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि विभाग की योजनाओं का लाभ राज्य के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे, इसके लिए जवाबदेही और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
No Comment! Be the first one.