कई बार सुबह नींद खुलने पर तकिया गीला मिलता है। इसकी वजह रात में सोते समय मुंह से लार गिरना हो सकती है। छोटे बच्चों में ऐसा होना आम बात है, लेकिन अगर किसी बड़े व्यक्ति के साथ भी यह समस्या लगातार बनी रहे, तो इसके पीछे कुछ शारीरिक परेशानियां हो सकती हैं।
NEWS SAGA DESK
कई बार सुबह नींद खुलने पर तकिया गीला मिलता है। इसकी वजह रात में सोते समय मुंह से लार गिरना हो सकती है। छोटे बच्चों में ऐसा होना आम बात है, लेकिन अगर किसी बड़े व्यक्ति के साथ भी यह समस्या लगातार बनी रहे, तो इसके पीछे कुछ शारीरिक परेशानियां हो सकती हैं। हालांकि, कभी-कभार लार गिरना सामान्य है, लेकिन बार-बार ऐसा होने पर कारण समझना जरूरी है।
करवट लेकर सोने से भी गिरती है लार
नींद के दौरान शरीर की मांसपेशियां आराम करती हैं और लार निगलने की प्रक्रिया धीमी हो जाती है। ऐसे में करवट या पेट के बल सोने पर लार मुंह से बाहर निकल सकती है। कभी-कभार ऐसा होना चिंता की बात नहीं है।
इन बीमारियों के कारण भी गिर सकती है लार
नाक बंद रहने, एलर्जी या नाक की हड्डी टेढ़ी होने से कई लोगों को मुंह से सांस लेनी पड़ती है। इससे सोते समय लार बाहर निकल सकती है। इसके अलावा टॉन्सिल बढ़ना, एडेनॉइड्स और ऑब्स्ट्रक्टिव स्लीप एपनिया भी इसकी वजह बन सकते हैं। निगलने में परेशानी, तंत्रिका तंत्र से जुड़ी समस्याएं और कुछ दवाओं का सेवन भी लार बढ़ा सकता है।
लार गिरने की समस्या से कैसे पाएं राहत?
सोने की मुद्रा में बदलाव, नाक की एलर्जी का उचित इलाज और नाक से सांस लेने में होने वाली परेशानी को दूर करने से राहत मिल सकती है। पर्याप्त पानी पीना और मुंह की स्वच्छता बनाए रखना भी जरूरी है।
कब डॉक्टर के पास जाना चाहिए?
अगर रोजाना अधिक मात्रा में लार गिरती है और इसके साथ तेज खर्राटे, सोते समय सांस रुकना, दम घुटना या निगलने में परेशानी होती है, तो ईएनटी विशेषज्ञ से संपर्क करें। लगातार बनी रहने वाली समस्या की सही वजह जानने के लिए चिकित्सकीय जांच जरूरी है।
No Comment! Be the first one.