News Saga Desk
गढ़वा जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सदर थाना क्षेत्र के बेलचम्पा गांव के पास हुआ, जहां पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन में सवार चारों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। राहत की बात यह रही कि जिस मकान में स्कॉर्पियो घुसी, वहां मौजूद लोग बाल-बाल बच गए।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, स्कॉर्पियो की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी, जिससे दुर्घटना की गंभीरता और बढ़ गई। हादसे में जान गंवाने वाले सभी चारों लोग आपस में रिश्तेदार थे और पलामू जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतकों में दो लोग पाण्डु थाना क्षेत्र के और दो विश्रामपुर थाना क्षेत्र के भंडार गांव के रहने वाले थे। सभी लोग उत्तर प्रदेश सीमा से सटे बिलासपुर गांव में अपने एक रिश्तेदार के यहां से लौट रहे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

No Comment! Be the first one.