News Saga Desk
झारखंड | केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत आयकर विभाग में बड़े पैमाने पर तबादला और पदस्थापन आदेश जारी किया है। इस ऑल इंडिया स्तर के फेरबदल का सीधा असर बिहार-झारखंड रीजन पर पड़ा है। आदेश के तहत रांची, जमशेदपुर, धनबाद और हजारीबाग समेत कई प्रमुख शहरों में प्रिंसिपल कमिश्नर, कमिश्नर, एडिशनल, ज्वाइंट, डिप्टी और असिस्टेंट कमिश्नर स्तर के अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।
इसके साथ ही कई अधिकारियों का ट्रांसफर झारखंड से बाहर भी किया गया है।
सलिल मिश्रा बने जमशेदपुर के नए PCIT
जारी अधिसूचना के अनुसार, जमशेदपुर में पदस्थापित सलिल मिश्रा को पदोन्नति देते हुए PCIT (RU)-1 के महत्वपूर्ण पद पर तैनात किया गया है। विभाग ने उन पर भरोसा जताते हुए रांची PCIT का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा है।
वहीं, रांची में लंबे समय से सेवा दे रहे अमिताभ कुमार सिन्हा का तबादला दिल्ली कर दिया गया है। अब वे राजधानी में PCIT (AU)-1 का दायित्व संभालेंगे।
कमिश्नर स्तर पर भी बड़े बदलाव
CBDT ने कमिश्नर (CIT) रैंक के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी व्यापक बदलाव किया है। आशीष कुमार देहारिया को CIT (अपील) यूनिट-1, रांची में पदस्थापित किया गया है। वहीं हुइड्रोम रोबिंद्रो सिंह को धनबाद में CIT (अपील) यूनिट-1 का नया कमिश्नर बनाया गया है।
इसके अलावा संजय कुमार को हजारीबाग स्थित ADG (NADT-RC) के महत्वपूर्ण पद पर तैनाती मिली है। भारत भूषण गर्ग को जमशेदपुर CIT (अपील) यूनिट-1 का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
निशा उरांव को रायपुर में बड़ी जिम्मेदारी
झारखंड कैडर की चर्चित अधिकारी राखी निशा उरांव को छत्तीसगढ़ के रायपुर में CIT (अपील) यूनिट-1 के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें कमिश्नर रैंक में पदस्थापित किया गया है।
एडिशनल और ज्वाइंट कमिश्नर स्तर पर भी फेरबदल
सीबीडीटी ने बिहार-झारखंड संयुक्त क्षेत्र में बड़ी संख्या में एडिशनल और ज्वाइंट कमिश्नर स्तर के अधिकारियों की भी नई पोस्टिंग की है। इनमें स्वरलिपि रॉय, संदीप गांगुली, राहुल मिश्रा, अदिति रॉय मल्लिक, संदीपन खान और रवि कांत कुमार चौधरी प्रमुख नाम हैं।
इसके अलावा डिप्टी और असिस्टेंट कमिश्नर स्तर पर भी कई युवा अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है। इनमें सम्राट सुबोध कुमार, सुरेंद्र चौधरी, चंद्रकांत झा, गौरव मल्लिक, शिव प्रिया और अंकित मिश्रा शामिल हैं।
कई अधिकारियों का झारखंड से बाहर तबादला
प्रशासनिक जरूरतों के तहत कुछ अधिकारियों को झारखंड से बाहर भी भेजा गया है। एडिशनल कमिश्नर सौरभ उपाध्याय को रांची से दिल्ली मुख्यालय स्थानांतरित किया गया है। वहीं ऋषिकेश पांडेय का ट्रांसफर पश्चिम बंगाल रीजन में किया गया है।
इसके अलावा डिप्टी कमिश्नर डेविड टोप्पो, नूपुर मुखर्जी और अमित कुमार सिन्हा का भी तबादला दूसरे राज्यों में किया गया है।
28 मई तक देना होगा योगदान
CBDT ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि वे 28 मई 2026 तक हर हाल में अपने नए कार्यस्थल पर पहुंचकर योगदान सुनिश्चित करें। बोर्ड ने समयसीमा का पालन नहीं करने पर प्रशासनिक कार्रवाई के संकेत भी दिए हैं।
No Comment! Be the first one.