भारत ने एशियाई खेलों के टी20 सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराकर विश्व रिकॉर्ड बनाया। ईशान किशन ने नाबाद 80 रन बनाए।
News Saga Desk
आइची-नागोया। भारतीय क्रिकेट टीम ने एशियाई खेलों के पुरुष टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ भारत ने पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 या उससे अधिक रन के अंतर से सर्वाधिक 11 जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 169 रन बनाए। इसके जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 9.5 ओवर में महज 45 रन पर सिमट गई।
भारत की इस बड़ी जीत में ईशान किशन की नाबाद 80 रन की पारी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की अहम भूमिका रही। अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह और अभिषेक शर्मा ने श्रीलंकाई बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के फाइनल में भी जगह बना ली।
ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी ने संभाली भारतीय पारी
मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम की शुरुआत में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक अंदाज दिखाया। महज 15 साल के वैभव ने 21 गेंदों में छह चौके और दो छक्के लगाते हुए 38 रन बनाए। हालांकि, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन बड़ी पारियां खेलने में सफल नहीं रहे।
लगातार विकेट गिरने के कारण भारत का स्कोर एक समय 87 रन पर चार विकेट हो गया था। ऐसे समय में ईशान किशन ने जिम्मेदारी संभाली और पारी को मजबूती दी। उन्होंने संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए जरूरत के मुताबिक बड़े शॉट भी लगाए।
ईशान ने 46 गेंदों में चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 80 रन बनाए। उनकी पारी की बदौलत भारतीय टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 169 रन बनाने में सफल रही। श्रीलंका की ओर से सहान अराचिगे और थारिंदु रत्नायके ने दो-दो विकेट हासिल किए।
भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका को 45 रन पर समेटा
170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों से ही दबाव बनाया और नियमित अंतराल पर विकेट चटकाए। श्रीलंका के बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सके और पूरी टीम 45 रन पर ऑलआउट हो गई।

श्रीलंका की ओर से नुवानिदु फर्नांडो 15 रन बनाकर सर्वोच्च स्कोरर रहे। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 10 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका। भारत की ओर से अक्षर पटेल ने आठ रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह ने सात रन देकर दो विकेट हासिल किए। अभिषेक शर्मा ने दो रन देकर दो विकेट चटकाए और वाशिंगटन सुंदर को एक सफलता मिली।
इसे भी देखे- चिराग पासवान से NDA में नाराज़गी? UP की 403 सीटों पर तैयारी, क्या अलग होगी राह
सेमीफाइनल और फाइनल में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड
भारत की 124 रन की यह जीत पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सेमीफाइनल या फाइनल में जीत के अंतर के लिहाज से नया रिकॉर्ड है। इससे पहले भारत ने 2026 टी20 विश्वकप के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया था। अब श्रीलंका के खिलाफ मिली जीत ने उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
इस मुकाबले में श्रीलंका ने एक और अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम किया। उसकी 45 रन की पारी टेस्ट खेलने वाले देशों के बीच टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे कम ऑलआउट स्कोर के संयुक्त रिकॉर्ड के बराबर रही। इससे पहले वेस्टइंडीज ने 2019 में इंग्लैंड के खिलाफ बैसेटेरे में 45 रन बनाए थे।
श्रीलंका की पारी में पांच बल्लेबाज खाता खोले बिना आउट हुए। टी20 अंतरराष्ट्रीय में किसी टेस्ट खेलने वाले देश की एक पारी में पांच बल्लेबाजों का शून्य पर आउट होना संयुक्त रूप से दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है। जिम्बाब्वे के नाम 2010 में वेस्टइंडीज के खिलाफ छह बल्लेबाजों के शून्य पर आउट होने का रिकॉर्ड है।
No Comment! Be the first one.