News Saga Desk
राजधानी रांची में बाइक चोरी और अन्य अवैध गतिविधियों में सक्रिय एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने कुल आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सागतालाब इलाके के पास कुछ संदिग्ध युवक नशापान करते हुए अड्डेबाजी कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज उर्फ विजय सिंह, संतोष उर्फ करण ठाकुर और विनित उर्फ प्रिंस पासवान के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि तीनों अंतर्राज्यीय स्तर पर बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह के अन्य सदस्य कहां सक्रिय हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन चोरी और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
No Comment! Be the first one.