घाटशिला : घाटशिला उपचुनाव के प्रचार अभियान के दौरान डुमरी विधायक जयराम महतो को चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में नोटिस जारी किया गया है। दरअसल, वे एक रैली में स्कॉर्पियो वाहन के ऊपर बैठकर जनसंपर्क करते नजर आए, जिसे प्रशासन ने सुरक्षा मानकों और चुनाव आयोग की गाइडलाइन का उल्लंघन बताया है।
जमशेदपुर के उपायुक्त ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में चार पहिया वाहन के ऊपर बैठकर प्रचार-प्रसार किया गया, जो पूरी तरह से निषिद्ध है। इस मामले में निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित राजनीतिक दल या प्रत्याशी को 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार, किसी भी वाहन के ऊपर बैठकर या खड़े होकर प्रचार करना न केवल कानून व्यवस्था के लिए खतरा है, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी जोखिमपूर्ण है। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि जयराम महतो की ओर से क्या सफाई दी जाती है और प्रशासन आगे क्या कदम उठाता है।
No Comment! Be the first one.