News Saga Desk
रांची। केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2024 के आधार पर भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए चयनित अधिकारियों के कैडर आवंटन की अधिसूचना जारी कर दी है। एक जून को जारी अधिसूचना के तहत देशभर के 147 सफल अभ्यर्थियों को उनकी रैंक, श्रेणी और कैडर वरीयता के आधार पर विभिन्न राज्यों में नियुक्ति दी गई है। इस सूची में झारखंड को छह नए आईपीएस अधिकारी मिले हैं, जिससे राज्य की पुलिस व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
झारखंड कैडर में आए छह नए IPS अधिकारी
गृह मंत्रालय द्वारा जारी सूची के अनुसार झारखंड कैडर पाने वाले छह अधिकारियों में दो अभ्यर्थी झारखंड के मूल निवासी हैं, जबकि चार अन्य राज्यों से आकर यहां अपनी सेवाएं देंगे।
झारखंड कैडर आवंटित अधिकारियों में करन कुमार (रैंक 174) और सौरभ राजेंदु (रैंक 199) झारखंड के निवासी हैं। इनके अलावा दिल्ली के काबिल भार्गव (रैंक 122) और पुलकित बंसल (रैंक 155), उत्तर प्रदेश की मानसी सिंह (रैंक 168) तथा राजस्थान के कर्मवीर नरवाडिया (रैंक 795, अनुसूचित जाति श्रेणी) को झारखंड कैडर मिला है।
इन अधिकारियों के आने से राज्य पुलिस को युवा और प्रशिक्षित नेतृत्व मिलेगा, जो भविष्य में विभिन्न जिलों और पुलिस इकाइयों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालेंगे।
झारखंड के राज कुमार महतो को मिला केरल कैडर
कैडर आवंटन सूची में झारखंड के सफल अभ्यर्थी राज कुमार महतो का नाम भी शामिल है। हालांकि कैडर नीति के तहत उन्हें झारखंड के बजाय केरल कैडर आवंटित किया गया है। अब वे केरल में आईपीएस अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।
देशभर में 147 अधिकारियों का हुआ कैडर आवंटन
गृह मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार इस वर्ष कुल 147 आईपीएस अधिकारियों को विभिन्न राज्यों और संयुक्त कैडरों में नियुक्त किया गया है। अधिकारियों का चयन उनकी रैंक, आरक्षण श्रेणी और कैडर वरीयता के आधार पर किया गया है।
उत्तर प्रदेश को मिले सबसे ज्यादा IPS अधिकारी
राज्यों के अनुसार देखें तो सबसे अधिक 17 नए आईपीएस अधिकारियों का आवंटन उत्तर प्रदेश को हुआ है। इसके बाद पश्चिम बंगाल को 12, असम-मेघालय को 9, आंध्र प्रदेश को 9 और मध्य प्रदेश को 9 नए अधिकारी मिले हैं।
अन्य राज्यों में महाराष्ट्र को 8, तमिलनाडु को 7, बिहार को 7, झारखंड को 6, राजस्थान को 6, कर्नाटक को 5, पंजाब को 4, केरल को 4 और नागालैंड को 3 नए आईपीएस अधिकारी आवंटित किए गए हैं।
टॉप रैंकर्स को मिला पसंदीदा कैडर
अधिसूचना के अनुसार शीर्ष रैंक प्राप्त अधिकारियों में बी. शिवाचंद्रन (रैंक 23) को उनका गृह राज्य तमिलनाडु कैडर आवंटित किया गया है। वहीं वैभव सिंह (रैंक 82) को उत्तर प्रदेश कैडर मिला है। कैडर आवंटन प्रक्रिया में रैंक, श्रेणी और अभ्यर्थियों की प्राथमिकताओं को प्रमुख आधार माना गया है।
No Comment! Be the first one.